BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

काम दिलाने के बहाने महिला को ले जाकर ₹50 हजार में बेचकर जबरन शादी कराने के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

काम दिलाने के बहाने महिला को मध्यप्रदेश ले जाकर ₹50 हजार में बेचकर जबरन शादी कराने के मामले में 03 आरोपी गिरफ्तार…महिला को बहला-फुसलाकर दूसरे राज्य ले जाने, खरीद-फरोख्त एवं जबरन विवाह कराने का मामला…पुलिस ने महिला को सुरक्षित बरामद कर तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार…

 

 

कांकेर। जिला उत्तर बस्तर कांकेर में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी श्री कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में थाना बान्दे क्षेत्र में एक महिला के गुम होने की सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल गुम इंसान दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। दिनांक 09 अप्रैल 2026 को सूचक द्वारा थाना बान्दे में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी पत्नी दिनांक 20 मार्च 2026 को बिना बताए कहीं चली गई है। रिपोर्ट पर गुम इंसान क्रमांक 12/2026 कायम कर महिला की तलाश एवं जांच की जा रही थी।

जांच के दौरान गुम महिला के मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में होने की जानकारी पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना की तस्दीक एवं महिला की बरामदगी हेतु पुलिस टीम को मध्यप्रदेश रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा दिनांक 05 अगस्त 2026 को जिला खंडवा पहुंचकर महिला को जितेन्द्र राठौर के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया गया।

महिला से पूछताछ एवं कथन के दौरान उसने बताया कि अनिता पवार निवासी बेलगाल एवं जमना लाल भील निवासी खंडवा (मध्यप्रदेश) द्वारा उसे मुंबई में काम दिलाने का झांसा देकर बहला-फुसलाकर मध्यप्रदेश ले जाया गया। इसके बाद उसे ₹50,000 में जितेन्द्र राठौर को बेचकर उसके साथ शादी करा दी गई।

जांच में यह भी सामने आया कि महिला को उसकी इच्छा के विरुद्ध करीब 05 माह तक जितेन्द्र राठौर के घर में उसकी पत्नी के रूप में रखा गया। महिला के कथन एवं संपूर्ण जांच के आधार पर अनिता पवार, जमना लाल भील एवं जितेन्द्र राठौर के विरुद्ध आपराधिक षड्यंत्र कर महिला को बहला-फुसलाकर ले जाने, उसकी खरीद-फरोख्त एवं जबरन विवाह कराने संबंधी अपराध पाए जाने पर अपराध क्रमांक 62/2026, धारा 143(2), 61(2), 127(4), 87 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

01. अनिता पवार पति जगत पवार, उम्र 40 वर्ष, निवासी बेलगाल, थाना बान्दे, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.)।

02. जितेन्द्र राठौर पिता उत्तम राठौर, उम्र 30 वर्ष, निवासी आरूड, थाना पंढाना, जिला खंडवा (म.प्र.)।

03. जमना लाल भील पिता चिताराम भील, उम्र 41 वर्ष, निवासी आवलिया, थाना छैगांव माखन, जिला खंडवा (म.प्र.)।

Related Posts