नईदिल्ली (ए)। 17 अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की नई जर्सी लॉन्च हो गई है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बुधवार को ट्वीट कर टीम की नई जर्सी फैन्स से साझा की. बीसीसीआई ने ट्वीट में लिखा, ‘पेश है बिलियन चीयर्स जर्सी।’
बीसीसीआई ने पहले ही बता दिया था कि बुधवार के दिन टीम इंडिया की नई जर्सी लॉन्च होगी. टीम इंडिया की नई जर्सी पुरानी जर्सी से थोड़ी अलग है. अब तक टीम इंडिया जो जर्सी पहन रही थी वो गहरे नीले रंग की थी. ये जर्सी भी इसी रंग की है लेकिन इसकी डिजायन अलग है. इसके बीच में हल्के नीले रंग की पट्टी भी दी गई है. पिछली जर्सी में कंधे पर तिरंगा बना हुआ था लेकिन इस जर्सी में कंधे पर किसी तरह की डिजायन नहीं है।
एमपीएल स्पोर्ट्स की प्रेस रिलीज़ के अनुसार, भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार है जब प्रशंसकों की भावनाओं को जर्सी पर दर्शाया गया है जिसे एक विशिष्ट ‘ध्वनि तरंग’ के पैटर्न से दिखाया गया है. जर्सी में गाढ़े नीले रंग के दो ‘शेड’ हैं।
Presenting the Billion Cheers Jersey!
The patterns on the jersey are inspired by the billion cheers of the fans.
Get ready to #ShowYourGame @mpl_sport.
Buy your jersey now on https://t.co/u3GYA2wIg1#MPLSports #BillionCheersJersey pic.twitter.com/XWbZhgjBd2
— BCCI (@BCCI) October 13, 2021
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा, “भारतीय क्रिकेट टीम के सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में प्रशंसक मौजूद हैं और उनके उत्साह और ऊर्जा का जश्न मनाने के लिये जर्सी पर इसे दिखाने से बेहतर और कोई तरीका नहीं हो सकता था. इसमें कोई शक नहीं है कि इससे टीम को टी20 चैम्पियन बनने की राह में जरूरी समर्थन मिलेगा।”















