नईदिल्ली (ए)। टी-20 विश्व कप 2021 के पहले ही दिन बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। सुपर 12 में पहुंचने के लिए खेले जा रहे दूसरे क्वालीफाइंग मुकाबले में स्कॉटलैंड की टीम ने बांग्लादेश को 6 रनों से हरा दिया। स्कॉटलैंड की टीम ने बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 141 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में बांग्लादेश निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 134 रन ही बना सकी। स्कॉटलैंड के गेंदबाजों ने पूरे मैच में कसी हुई गेंदबाजी की और विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को बांधकर रखा। इससे पहले टीम की ओर से क्रिस ग्रीव्स ने मुश्किल हालात में शानदार बैटिंग करते हुए 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम को 140 के टोटल तक पहुंचाया। ग्रीव्स ने गेंदबाजी में दो विकेट भी अपने नाम किए।
Unreal.#FollowScotland 🏴 | #PurpleLids 🟣 pic.twitter.com/x3uBNlg6as
— Cricket Scotland (@CricketScotland) October 17, 2021
141 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सौम्य सरकार महज 5 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद लिटन दास (5) भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। शाकिब ने आगाज तो अच्छा किया, पर वह अपनी पारी को तब्दील करने में नाकाम रहे और 20 रन बनाकर आउट हुए। मुशफीकुर रहीम ने टीम की तरफ से संघर्ष किया और सबसे अधिक 38 रन बनाए, लेकिन बल्ले से कमाल दिखाने वाले क्रिस ग्रीव्स ने रहीम को क्लीन बोल्ड करके पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद बांग्लादेश की टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और 20 ओवर में टीम 7 विकेट गंवाकर 134 रन ही बना सकी और मैच 6 रनों से गंवा बैठी।
Scotland prevail 🙌
They register 6-run victory against Bangladesh to start their #T20WorldCup 2021 campaign with a bang!#BANvSCO | https://t.co/FVt5ei0KJq pic.twitter.com/wj69GOAB5n
— ICC (@ICC) October 17, 2021
इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी स्कॉटलैंड की भी शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान काइल कोएत्जर बिना खाता खोले सैफुदीन की गेंद पर बोल्ड हुए। इसके बाद टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और स्कॉटलैंड ने 50 रन पहुंचते-पहुंचते अपने 5 विकेट गंवा दिए। इसके बाद क्रिस ग्रीव्स ने मोर्चा संभाला और मार्क वाट (22) के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। ग्रीव्स ने 28 गेंदों में 4 चौके और 2 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 45 रनों की शानदार पारी खेली। जिसके दम पर स्कॉटलैंड ने वापसी करते हुए 9 विकेट खोकर 140 रन बनाए।















