BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

SSP सदानंद कुमार ने जिले के समस्त दवा विक्रेताओं एवं ड्रग यूनियन पदाधिकारियों की ली बैठक, प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री ना करने के दिए निर्देश

प्रतिबंधित एवं नशीली दवाइयों की बिक्री करते पाए जाने पर संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक के विरुद्ध की जाएगी कड़ी कार्यवाही…नशीली दवाइयां की तस्करी रोकने, प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री आदि को रोकने के संबंध में की गई चर्चा…बिना डाक्टरी पर्ची के नाबालिकों, असामाजिक तत्वों को दवाइयां, सिरप आदि न दिया जाए, इस संबंध में किया गया निर्देशित…

बलौदाबाजार-भाटापारा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार द्वारा सभी प्रकार के नशे के विरुद्ध “अभियान सिरजन” प्रारंभ किया गया है, जिसके तारतम्य में प्रतिदिन नशे के अवैध कार्य में लिप्त अपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही भी की जा रही है। आजकल नाबालिक एवं युवा वर्ग धूम्रपान, सिगरेट आदि छोड़कर नशीली दवाइयां का सेवन कर रहे हैं, इसके साथ ही बिना डाक्टरी पर्ची के नहीं दिए जाने वाले टैबलेट अथवा कप सिरप का भी सेवन सूखे नशे के लिए उपयोग किया जा रहा है।

इन बिंदुओं को दृष्टिगत रखते हुए ऐसे अवैधानिक कार्य करने वाले लोगों की धरपकड़ करना अत्यंत आवश्यक था। इसके लिए जिले के समस्त दवा विक्रेताओं का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह सभी दवाइयां मेडिकल स्टोर में उपलब्ध रहती है। यदि मेडिकल स्टोर संचालक कड़ाई बरते एवं बिना डाक्टरी पर्ची के किसी को भी दवाई ना दें तो युवा वर्ग में इस प्रकार नशीली दवाइयां का सेवन पर एक प्रकार से ब्रेक लगाया जा सकता है।

उक्त बिंदुओं को दृष्टिगत रखते हुए दिनांक 15.02.2024 को प्रातः 11:00 से पुलिस कार्यालय सभाकक्ष बलौदाबाजार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार की अध्यक्षता में जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों एवं ड्रग यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित किया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं अनुज कुमार के सांथ किशोर ठाकुर ड्रग इंस्पेक्टर भाटापारा/सिमगा/सुहेला क्षेत्र, रामबृजेश प्रजापति ड्रग इंस्पेक्टर कसडोल/गिधौरी क्षेत्र द्वारा नशीली दवाइयों की रोकथाम एवं प्रतिबंधित दवाइयां की बिक्री को रोकने के संबंध में उपस्थित सभी मेडिकल संचालकों, ड्रग यूनियन के पदाधिकारियों से चर्चा किया गया।

चर्चा के दौरान सभी मेडिकल संचालकों ने कहा कि सभी संचालक दवाई, बिक्री आदि के संबंध में शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन कर रहे हैं तथा प्रतिबंधित एवं नशीली दवाइयां जिले के मेडिकल संचालकों द्वारा बिक्री नहीं की जाती है।

एसएसपी सदानंद कुमार द्वारा उपस्थित मेडिकल संचालकों को निर्देशित करते हुए कहा गया कि ऐसी दवाइयां या सिरप जिसे लोग सूखा नशे के रूप में इस्तेमाल कर सके, उन्हें बिना डाक्टरी पर्ची के ना दे। साथ ही इस प्रकार की दवाई लेने के लिए आने वाले असामाजिक अथवा अपराधिक तत्वों की पहचान कर, तत्काल पुलिस को सूचित करे, सूचना देने वाले मेडिकल संचालक का नाम सर्वथा गोपनीय रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नशीली एवं प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री करने वाले मेडिकल संचालक के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी।

इस दौरान बैठक में जिला बलौदाबाजार-भाटापारा ड्रग यूनियन सचिव मनीष शर्मा सहित 55 की संख्या में भाटापारा, सिमगा, सुहेला, बलौदाबाजार, लवन, कसडोल, कटगी, हिरमी आदि स्थानों में मेडिकल दुकानों के संचालक शामिल हुए।

Related Posts