आरबीआई के मुताबिक बैंक के पास पर्याप्त पूंजी और कमाई की संभावनाएं नहीं हैं, बैंक का अस्तित्व में रहना उसके जमाकर्ताओं के हितों के लिए हानिकारक होगा…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय रिजर्व बैंक ने कर्नाटक के मिलथ को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड का लाइसेंस कैंसिल कर दिया है। इसके साथ ही मिलथ को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड का बैंकिंग परिचालन बंद हो गया है। आपको यहां बता दें कि आरबीआई ने कर्नाटक के बगलकोट में स्थित मुधोल सहकारी बैंक लिमिटेड का लाइसेंस भी रद्द कर दिया था।
आरबीआई के मुताबिक बैंक के पास पर्याप्त पूंजी और कमाई की संभावनाएं नहीं हैं। बैंक का अस्तित्व में रहना उसके जमाकर्ताओं के हितों के लिए हानिकारक होगा। आरबीआई ने कहा कि अगर बैंक को अपने बैंकिंग कारोबार को आगे बढ़ाने की अनुमति दी जाती है, तो जनहित पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
इसके साथ ही आरबीआई ने कर्नाटक के सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार से भी बैंक को बंद करने और बैंक के लिए एक परिसमापक नियुक्त करने का आदेश जारी करने को कहा है।
आरबीआई ने बताया कि बैंक के प्रत्येक जमाकर्ता जमा बीमा और क्रेडिट गारंटी निगम (डीआईसीजीसी) से बीमा दावा राशि प्राप्त करने का हकदार है। नियम के तहत 5 लाख रुपये तक की बीमा रकम का दावा किया जा सकता है।















