गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक में कहा कि बॉर्डर की सुरक्षा को लेकर चिंता करने की कोई बात नहीं है क्योंकि आईटीबीपी के जवान 24 घंटे मौजूद हैं…
नईदिल्ली (ए)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक में शनिवार (31 दिसंबर) को कहा कि भारत की एक इंच जमीन भी कोई नहीं ले सकता. उन्होंने बताया कि आईटीबीपी के जवान भारत-चीन बॉर्डर पर मौजूद हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बेंगलुरु के देवनहल्ली में शनिवार को आईटीबीपी की नई बिल्डिंग का उद्घाटन करने के दौरान ये बात कही।
उन्होंने कहा, ”हिंदुस्तान-चीन बॉर्डर को लेकर किसी तरह की कोई चिंता करने की बात नहीं है क्योंकि आईटीबीपी के जवान सीमा की सुरक्षा कर रहे हैं. इनके होने पर एक इंच जमीन भी कोई नहीं ले पाएगा.” उनका यह बयान ऐसे समय आया जब तवांग सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हाल ही में झड़प हुई थी।
अमित शाह ने क्या कहा? केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आईटीबीपी के जवान सीमा की सुरक्षा करके देश की सेवा कर रहे हैं. इसके लिए सभी देश के लोग जवानों का शुक्रिया करते हैं. इसके अलावा उन्होंने कहा कि देश की जनता ने आईटीबीपी के जवानों की वीरता और शौर्य के कारण उन्हें ‘हिमवीर’ का उपनाम दिया है।
भारत-चीन विवाद: इसी साल 9 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच झड़प हुई थी. इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सदन में बताया था कि हमारे सैनिकों को मामूली चोट आई. दोनों देशों की सेनाओं के बीच कई राउंड की बात भी हो चुकी है. वहीं इस पूरे मुद्दों को लेकर राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी नेताओं ने कहा था पीएम नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार संसद में सही से जवाब नहीं दे रही है. ऐसे समय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है।















