सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक के रुप में आईपीसी अधिकारी दलजीत सिंह चौधरी ने पदभार ग्रहण किया। एसएसबी अधिकारी ने बताया कि दलजीत सिंह चौधरी ने अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की है…
नईदिल्ली (ए)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक के रुप में आईपीसी अधिकारी दलजीत सिंह चौधरी ने पदभार ग्रहण किया। एसएसबी एक अर्धसैनिक बल है, जो नेपाल और भूटान के साथ सटी सीमाओं की रक्षा करता है। बता दें महानिदेशक का पदभार संभालने से पहले दलजीत सिंह चौधरी को एसएसबी मुख्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एसएसबी अधिकारी ने बताया कि दलजीत सिंह चौधरी ने अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की है।
उत्तर प्रदेश कैडर के 1990 बैच के अधिकारी दलजीत सिंह चौधरी अब तक दिल्ली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के विशेष महानिदेशक के रूप में कार्यरत थे। 58 वर्षीय अधिकारी चार बार पुलिस वीरता पदक विजेता हैं। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने 19 जनवरी को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए थे। दलजीत सिंह चौधरी ने अपने कैडर राज्य उत्तर प्रदेश के अलावा वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में भी काम किया है। वह नवंबर 2025 में सेवानिवृत्त होंगे। अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे सीआरपीएफ महानिदेशक अनीश दयाल सिंह ने दलजीत सिंह चौधरी को एसएसबी की कमान सौंपी।















