BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

IG अंकित गर्ग पहुंचे बलरामपुर, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवम् थाना/चौकी प्रभारी की ली अपराध समीक्षा बैठक

बलरामपुर। दिनांक 23/11/2023, दिन बृहस्पतिवार को पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा अंकित गर्ग (भापुसे) द्वारा जिला बलरामपुर का दौरा किया गया। आईजी सरगुजा द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय बलरामपुर के सभागार कक्ष में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना चौकी प्रभारी की समीक्षा बैठक ली गई। समीक्षा के दौरान आईजी सरगुजा द्वारा समस्त थाना/चौकी प्रभारी से थाना/चौकीवार लंबित अपराध, लंबित मर्ग, लंबित चालान, लंबित शिकायत की प्रत्येक प्रकारणवार विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा प्रत्येक थाना चौकी प्रभारी से उनके थाने में लंबित मामलों का बारी-बारी से पूछताछ कर अत्यधिक दिनों से लंबित प्रकरणों में थाना प्रभारी/विवेचक को कड़ी फटकार लगाते हुए समय सीमा निर्धारित कर शीघ्र प्रकरणों का निराकरण करने निर्देशित किया गया।

मीटिंग के प्रारंभ में पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को जिले में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी को बधाई दी गई । उन्होंने कहा कि जिले में कानून का भय दिखना चाहिए। गुंडे एवं बदमाश प्रकृति के लोगों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। आम जनता के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाना चाहिए । उन्होंने थाना चौकी प्रभारीगण से कहा गया कि आचार संहिता प्रभावशील है, लघु एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रखें।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा मीटिंग में एजेंडा वार थाना/चौकी के लंबित अपराध शिकायत मर्ग, लघु एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों का विश्लेषण कर थाना चौकी प्रभारी को वर्षांत के मद्देनजर थानों के लंबित अपराध, शिकायतों का अधिक से अधिक निराकरण करने का लक्ष्य दिया गया।

बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा थाना प्रभारीगण को निर्देशित किया गया कि गिरफ्तारसुदा आरोपियों को समय पर न्यायालय पेश किया जावे, फिर भी अगर किसी कारणवश आरोपियों को हवालात में रखना पड़े तो सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित एवं कड़ी से कड़ी कार्यवाही कर जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर देने की समझाइश दिया गया।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा जिले के राजपत्रित अधिकारियों को थाना विजिट कर थानों में लंबित अपराध डायरी, मर्ग डायरी, लंबित चालान की समीक्षा करने निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि थानों में फाइल योग्य मर्ग डायरियों को फाइल करावे और जिन मर्ग पर अपराध पंजीबद्ध होता है उन पर तत्काल अपराध पंजीकृत कराया जाए। उन्होंने कहा कि लोकल स्तर पर तथा वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त शिकायतों की जांच कर तत्काल रिपोर्ट भेजा जाए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 खतम हो रहा है, वर्षांत के पूर्व लंबित मामलों का शत प्रतिशत निराकरण करने का प्रयास करने निर्देशित किया गया। वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त लंबित शिकायतों का अभियान चलाकर निराकरण करने के निर्देश दिया गया।

मीटिंग में पुलिस अधीक्षक बलरामपुर डॉ. लाल उमेद सिंह (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलरामपुर चंद्रेश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन शैलेंद्र पांडे, एसडीओपी रामानुजगंज नारद सूर्यवंशी, एसडीओपी बलरामपुर जितेंद्र खूंटे, एसडीओपी कुसमी इमानुएल लकड़ा, एसडीओपी वाडरफनगर राम अवतार ध्रुव, डीएसपी याकूब मेनन, रक्षित निरीक्षक विमलेश देवांगन एवं जिले के समस्त थाना चौकी प्रभारी एवं एसपी ऑफिस से स्टेनो, रीडर, शिकायत शाखा प्रभारी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Posts