BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

ICC चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो सकता है इंग्लैंड, अफगानिस्तान के पास सुनहरा मौका

विश्व कप में 10 में से चार टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी, लेकिन अब लड़ाई टॉप-4 में नहीं बल्कि टॉप-7 में रहने की भी होगी। दरअसल, विश्व कप की अंक तालिका का असर चैंपियंस ट्रॉफी पर देखने को मिलेगा…

नईदिल्ली (ए)। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पाकिस्तान में होना है। यह टूर्नामेंट 2025 में खेला जाएगा। भारत में हो रहे विश्व कप के बीच एक बड़ी खबर यह आई है कि चैंपियंस ट्रॉफी में हमेशा की तरह आठ टीमें हिस्सा लेंगी। विश्व कप में 10 में से चार टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी, लेकिन अब लड़ाई टॉप-4 में नहीं बल्कि टॉप-7 में रहने की भी होगी। दरअसल, विश्व कप की अंक तालिका का असर चैंपियंस ट्रॉफी पर देखने को मिलेगा।

विश्व कप के लीग चरण के अंत में अंक तालिका में शीर्ष सात में रहने वाली टीमें चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई कर जाएंगी। मेजबान पाकिस्तान के साथ आठ टीमें खेलेंगी। आईसीसी के एक प्रवक्ता ने ईएसपीएनक्रिकइंफो को बताया कि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए योग्यता प्रणाली को 2021 में आईसीसी बोर्ड द्वारा अनुमोदित किया गया था। चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पिछली बार 2017 में किया था। तब पाकिस्तान ने भारत को हराकर खिताब पर कब्जा किया था।

इंग्लैंड हो सकता है बाहर अगर विश्व कप की सात शीर्ष टीमों को चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने का मौका मिलता है तो इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम भी दूर रह सकती है। वह विश्व कप की अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर है। 2019 की विश्व विजेता टीम इस विश्व कप में अपने छह मुकबलों में सिर्फ एक जीत दर्ज कर पाई है। चैंपियंस ट्रॉफी खेलने के लिए इंग्लैंड को अपने आखिरी तीन मुकाबलों में दो जीत दर्ज करनी होंगी। एक मैच जीतने पर भी वह किस्मत के सहारे शीर्ष सात टीमों में रहकर विश्व कप खेल सकता है। वहीं, अफगानिस्तान की टीम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई कर सकती है। वह अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। यह देखना है कि विश्व कप में ग्रुप राउंड के मैच खत्म होने के बाद कौन-सी टीमें शीर्ष सात में रहती हैं और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई करती हैं।

वेस्टइंडीज और आयरलैंड जैसी टीमें रहेंगी दूर
आईसीसी का यह फैसला कई क्रिकेट बोर्ड के लिए हैरानी भरा है। कुछ बोर्ड के सदस्यों ने ईएसपीएनक्रिकइंफो को बताया कि वह विश्व कप के दौरान चैंपियंस ट्रॉफी के क्वालिफिकेशन नियम के बारे में नहीं जानते थे। इसका मतलब यह भी है कि वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और आयरलैंड जैसे अन्य पूर्णकालिक सदस्य देशों को विश्व कप में जगह नहीं बनाने के कारण चैंपियंस ट्रॉफी से दूर रहना पड़ेगा।

दो ग्रुप में टीमों को बांटा जाएगा
नवंबर 2021 में आईसीसी ने नए चक्र (2024-31) में पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए कई वैश्विक आयोजनों के बारे में बताया था। इसमें चैंपियंस ट्रॉफी के दो संस्करण, 2025 और 2029 शामिल थे। आईसीसी ने कहा था कि चैंपियंस ट्रॉफी में आठ टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट में चार-चार के दो ग्रुप होंगे। दोनों ग्रुप में शीर्ष दो पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल का आयोजन होगा।

पहले आईसीसी रैंकिंग के आधार पर होता था चयन
चैंपियंस ट्रॉफी के 2013 और 2017 संस्करणों के लिए कट-ऑफ तारीख पर वनडे रैंकिंग में शीर्ष आठ टीमें इस आयोजन के लिए योग्य थीं। यह समझा जाता है कि इस विश्व कप में शीर्ष सात टीमों को 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई करने के निर्णय को मूल रूप से आईसीसी की मुख्य कार्यकारी समिति द्वारा अनुमोदित किया गया था, जिसके बाद आईसीसी बोर्ड ने सिफारिश की पुष्टि की।

Related Posts