पिछले हफ्ते 9 और 10 सितंबर को दिल्ली में हुए जी20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के पीछे दिल्ली पुलिस के कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है…
नईदिल्ली (ए)। भारत की अध्यक्षता में दो दिवसीय G20 शिखर सम्मेलन की शानदार सफलता से पीएम मोदी काफी खुश हैं. वह अब दिल्ली पुलिस के उन कर्मचारियों के साथ डिनर करेंगे जिन्होंने शिखर सम्मेलन के दौरान ड्यूटी की थी. सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने हर जिले के उन पुलिसकर्मियों के नाम मांगे हैं, जिन्होंने G20 की ड्यूटी के दौरान बेहतरीन काम किया है। आगामी 16 सितंबर को यह डिनर होगा. इसमें दिल्ली पुलिस के 450 कर्मचारियों को पीएम मोदी के साथ बैठकर खाना खाने का मौका मिलेगा. बताया गया है कि रात्रिभोज का आयोजन आईटीपीओ में किया जाएगा।
दिल्ली पुलिस ने रखी थी पैनी नजर दरअसल जी 20 सम्मेलन के आयोजन के लिए दिल्ली में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे. किसी भी दिशा से दिल्ली में प्रवेश करने वाली गाड़ियों की चेकिंग लगातार हुई थी. सड़क, जल और हवाई मार्ग से सुरक्षा सुनिश्चित करने में दिल्ली पुलिस ने बखूबी जिम्मेदारी निभाई. आयोजन के समय दिल्ली पुलिस की जो तस्वीर सामने आई थीं उसमें देखा जा सकता था कि यमुना नदी में वोट पर भी पुलिसकर्मी ड्यूटी दे रहे थे. जबकि दिल्ली के आसमान में उड़ने वाली हर छोटी बड़ी चीज पर पुलिस की पैनी नजर थी।
पीएमओ और विदेश मंत्रालय के कर्मचारियों से मिल चुके हैं पीएम एक दिन पहले मंगलवार को पीएम मोदी ने PMO और विदेश मंत्रालय के उन कर्मचारियों से भी मुलाकात की है जिन्होंने G20 के दौरान लगातार काम किया था. दिल्ली के सुषमा स्वराज भवन में स्थित विदेश मंत्रालय में पीएम मोदी ने कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी कड़ी मेहनत की सराहना की. इसके साथ ही आयोजन से संबंधित उनके अनुभव के बारे में भी जाना।
दरअसल विदेश मंत्रालय के 114 प्रमुख अधिकारियों को अगस्त महीने की शुरुआत में ही शिखर सम्मेलन की तैयारियों के लिए तैनात कर दिया गया था. अन्य विभागों के भी 140 युवा अधिकारियों को आयोजन की सफलता के लिए तैनात किया गया था. पीएम ने इन सभी की मेहनत की सराहना की।















