इंडोनेशिया के बाली में हो रहे G-20 शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है, इस दौरान कई देशों के बीच अहम बैठकों का दौर जारी है, पीएम मोदी ने कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक की…
नईदिल्ली (ए)। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाली में G-20 समिट में हिस्सा लेने पहुंचे हैं. इस दौरान उन्होंने कई देशों के प्रधामंत्रियों से मुलाकात की. इसमें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक भी शामिल हैं. सुनक के ब्रिटिश पीएम बनने के बाद, प्रधानमंत्री मोदी की उनसे यह पहली मुलाकात है. सुनक ने अक्टूबर में ही ब्रिटेन के तीसरे प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया था।
इसके अलावा, पीएम मोदी ने G-20 समिट के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से भी मुलाकात की. सम्मेलन के दौरान पीएम इंडोनेशिया, स्पेन, फ्रांस, सिंगापुर, जर्मनी, इटली, ऑस्ट्रेलिया और यूनाइटेड किंगडम के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. इन देशों के साथ द्विपक्षीय समझौते पर सहमति दिए जाने की संभावना है।
पीएम मोदी ने बाइडेन से की मुलाकात इससे पहले पीएम मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन से भी मुलाकात की. उन्होंने यहां खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा पर आयोजित सत्र को संबोधित भी किया. इस दौरान उन्होंने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का भी जिक्र किया और कहा कि सभी को मिलकर युद्ध रोकने का रास्ता निकालना होगा. पीएम मोदी ने शांति बनाए रखने की बात की।
दो साल बाद शी जिनपिंग से भी मिले पीएम मोदी मंगलवार (15 नवंबर) को जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (XI Jinping) के बीच मुलाकात और बातचीत हुई थी. सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी और जिनपिंग के बीच केवल शिष्टाचार मुलाकात हुई. इस मुलाकात में केवल सामान्य शिष्टाचार के विषय पर बात हुई. चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के तीसरा कार्यकाल शुरू करने के बाद उनकी यह पहली विदेश यात्रा थी. साथ ही दोनों नेताओं के बीच 24 महीने के बाद यह आमने-सामने की पहली मुलाकात थी।















