दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से ईडी एक बार फिर से पूछताछ करने वाली है. जांच एजेंसी दिल्ली शराब नीति मामले में सुबह आठ बजे से केजरीवाल से पूछताछ शुरू करने वाली है…
नईदिल्ली (ए)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया. ईडी केजरीवाल को अपने कार्यलाय लेकर गई. दिल्ली सीएम को शुक्रवार (22 मार्च) को पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा. दिल्ली हाई कोर्ट के जरिए आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक को एजेंसी की किसी दंडात्मक कार्रवाई से राहत देने से इनकार करने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
अरविंद केजरीवाल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. दिल्ली सीएम की पूरी रात ईडी के लॉकअप में गुजरी है. वह रात भर ठीक से नहीं सो पाए हैं. फिलहाल वह उठ चुके हैं. रात में घर से कंबल और दवाइयां लाकर उन्हें दी गई थीं।
ईडी एक बार फिर से केजरीवाल से शुक्रवार सुबह पूछताछ करने वाली है. दिल्ली सीएम की गिरफ्तारी के खिलाफ देशभर में आम आदमी पार्टी प्रदर्शन भी करने वाली है. प्रदर्शन की शुरुआत बीजेपी दफ्तर के बाहर होगी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज अरविंद केजरीवाल के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात कर सकते हैं. उन्होंने गुरुवार रात परिवार से बात कर उन्हें आश्वासन दिया था कि वह कानूनी मदद भी मुहैया करवाएंगे. उन्होंने कहा है कि सरकार मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहती है।
वहीं, पिछले हफ्ते, तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी एवं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता को हैदराबाद स्थित उनके आवास से एजेंसी ने गिरफ्तार किया गया था जो अभी इसी मामले में 23 मार्च तक ईडी की हिरासत में हैं. यह मामला 2021-22 के लिए दिल्ली आबकारी नीति तैयार करने और उसे लागू करने में कथित भ्रष्टाचार एवं मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है. हालांकि, बाद में यह नीति रद्द कर दी गई. आप नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।
ईडी की चार्जशीट में केजरीवाल के नाम का उल्लेख कई बार किया गया है. एजेंसी का आरोप है कि आरोपी आबकारी नीति बनाने के लिए केजरीवाल के संपर्क में थे. यह नीति बनाने और इसे लागू करने के लिए आप पर रिश्वत लेने का आरोप है।
ईडी ने हाल में एक बयान में आरोप लगाया था कि बीआरएस नेता कविता (46) और कुछ अन्य ने आम आदमी पार्टी को 100 करोड़ रुपये अदा कर आबकारी नीति में फायदा पाने के लिए केजरीवाल और सिसोदिया जैसे आप के शीर्ष नेताओं के साथ साजिश रची थी।
















