बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर डॉ लाल उमेद सिंह द्वारा आज कार्यालय के सभागार कक्ष में एसडीओपी वाड्रफनगर अभिषेक झा को अशोक स्तंभ सेरेमनी कार्यक्रम का आयोजन कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया। इस दौरान एसडीओपी अभिषेक झा की धर्मपत्नी प्रतिमा झा एसडीएम डोडीलोहारा जिला बालोद भी मौजूद रही,उन्होंने भी अभिषेक झा के कंधे पर अशोक स्तंभ लगाया।
पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अब उनके कंधों पर जिम्मेदारियां और अधिक बढ़ गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा अभिषेक झा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दिये।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रेश सिंह ठाकुर, एसडीओपी रामानुजगंज नारद सूर्यवंशी, प्रतिमा झा, एसडीएम, डौंडलोहारा, जिला बालोद एवम पुलिस अधीक्षक कार्यालय बलरामपुर के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा सीजीपीएससी के 2013 बैच के डीएसपी है। इनकी पहली पोस्टिंग प्रशिक्षु जिला बलरामपुर ही था। इसके बाद इन्होंने डीएसपी कांकेर, एसडीओपी पत्थलगांव (जशपुर), दुर्ग जिला में अपनी सेवाएं दी। दुर्ग जिला में पदस्थापना के दौरान ये तीन तीन प्रभार पर रहे। इन्हे दुर्ग डीएसपी मुख्यालय, दुर्ग सीएसपी और एसडीओपी धमधा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद इनका तबादला एसडीओपी वाड्रफनगर के पद पर हुआ था और आज अभिषेक झा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नत हो गए है।














