भिलाई इस्पात संयंत्र के बार एवं राॅड मिल ने 10 अक्टूबर 2022 को द्वितीय पाली में 10 एमएम टीएमटी बार में “462 बिलेट” (966 टन) का उत्पादन कर नया पाली कीर्तिमान बनाया। इसके पूर्व 10 एमएम टीएमटी बार में पाली उत्पादन का कीर्तिमान 08 फरवरी 2022 को 449 बिलेट (929 टन) का था। मुख्य महाप्रबंधक मुकेश गुप्ता के मार्गदर्शन में एवं पाली प्रबंधक परिमल के नेतृत्व में टीम बीआरएम ने पाली उत्पादन का नया रिकाॅर्ड बनाने में सफलता प्राप्त की।
संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार ने बीआरएम बिरादरी को नया कीर्तिमान बनाने हेतु बधाई प्रेषित की तथा यह विश्वास प्रकट किया कि बीआरएम की यह टीम इस वर्ष के महती लक्ष्य को सामूहिक प्रयास से प्राप्त कर लेगी एवं नित नए कीर्तिमान भी बनाएगी। विभागाध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने बीआरएम बिरादरी को बधाई देते हुए कहा कि मिल के समर्पित साथियों के लगन तथा परिश्रम से ही विभाग उत्तरोत्तर प्रगति कर रहा है। इस अवसर पर महाप्रबंधकगण एस एन त्रिपाठी, आशीष, के के ठाकुर, समीर पांडे एवं शिखर तिवारी भी उपस्थित थे।
बीएसपी अंडर-23 टीम के गठन हेतु चयन स्पर्धा का आयोजन: छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ द्वारा वर्ष 2022-23 के लिये अंडर-23 व वरिष्ठ वर्ग की अन्तर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जनवरी 2023 में प्रस्तावित है। उक्त स्पर्धा में भाग लेने हेतु भिलाई इस्पात संयंत्र की टीम का गठन किया जायेगा। बीएसपी अंडर-23 टीम के गठन हेतु दिनांक 20 अक्टूबर 2022 को प्रातः 9.00 बजे बीएसपी क्रिकेट ग्राउंड, सेक्टर-10 में चयन स्पर्धा का आयोजन किया गया है।
भिलाई परिधी के युवा (बालक) खिलाड़ी जिनका जन्म दिनांकः 01 सितम्बर 2000 के बाद हुआ हो, वे ही चयन स्पर्धा में भाग लेने के पात्र होंगे। पात्र प्रतिभागियों को अपने साथ आयु प्रमाण के लिये बोर्ड परीक्षा की अंक सूची, गत तीन वर्षो की अंक सूची एवं जन्म प्रमाण पत्र की मूल व छायाप्रति के साथ दिनांकः 20 अक्टूबर 2022 को प्रातः 9.00 उपस्थित होना अनिवार्य है।
चयन स्पर्धा के चयनकर्ता है के राजगोपालन, उत्तम डे, परमजीत सिंह तथा डी बनर्जी। इस चयन स्पर्धा के प्रभारी सहायक प्रबंधक (क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं) अभिजीत भौमिक होंगे।















