बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज़ के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है, जिसमें शमी और ईशान को मौका नहीं मिला है…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज़ के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम इंडिया का एलान कर दिया है, जिसमें पेसर मोहम्मद शमी और विकेटकीपर ईशान किशन को शामिल नहीं किया गया है. वहीं युवा खिलाड़ी ध्रुव जुरेल को स्क्वॉड में शामिल किया गया है. ध्रुव को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया।
शमी इन दिनों इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसके चलते वो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज़ में भी भारत का हिस्सा नहीं बन सके थे. अब इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज़ में भी शमी को टीम इंडिया का हिस्सा नहीं बनाया गया. वहीं ईशान किशन को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई. शमी के बारे में भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
टीम में युवा खिलाड़ियों को मिला मौका 25 जनवरी से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज़ के लिए बीसीसीआई ने कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है. यशस्वी जायसवाल को एक बार फिर भारत का हिस्सा बनाया गया. वहीं विकेटकीपर बैटर ध्रुव जुरेल को भी मौका मिला. इसके अलावा तेज़ गेंदबाज़ आवेश खान को भी स्क्वॉड में शामिल किया गया. मुकेश कुमार भी एक बार फिर टेस्ट टीम में जगह बनाने में कायमाब रहे. बुमराह को कप्तान रोहित शर्मा का डिप्टी बनाया गया।
बता दें कि टेस्ट सीरीज़ में कुल मैच खेले जाएंगे, जिसकी शुरुआत 25 जनवरी से होगी और आखिरी मुकाबले का अंतिम दिन 11 मार्च होगा. सीरीज़ का पहला मुकाबला हैदराबाद, दूसरा विशाखापटनम, तीसरा राजकोट, चौथा रांची और पांचवां एवं अंतिम धर्मशाला में खेला जाएगा।
इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट मैचों के लिए भारत की टीम – रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), आवेश खान.















