आप सांसद राघव चड्ढा का एक फोटो वायरल हो रहा है. इस तस्वीर में राघव चड्ढा कौवे के हमले से बचते हुए नजर आ रहे हैं. अब इसपर राजनीति भी शुरू हो गई है…
नईदिल्ली (ए)। मानसून सत्र में भाग लेने के लिए संसद पहुंचे आप सांसद राघव चड्ढा की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. बीजेपी ने भी उनकी इस तस्वीर को ट्वीट कर मजे लेते हुए लिखा, “झूठ बोले कौवा काटे. आज तक सिर्फ सुना था, आज देख भी लिया कौवे ने झूठे को काटा.”
राघव चड्ढा ने भी बीजेपी के इस ट्वीट का बखूबी जवाब दिया है. उन्होंने बीजेपी के इस ट्वीट पर ही रिट्वीट करते हुए लिखा, “रामचन्द्र कह गए सिया से ऐसा कलयुग आएगा, हंस चुगेगा दाना दुनका और कौवा मोती खाएगा. आज तक सिर्फ सुना था, आज देख भी लिया।”
किस दिन की है वायरल तस्वीर? बता दें कि, आप सांसद राघव की यह तस्वीर मंगलवार की है. वह राज्यसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने के बाद फोन पर बात करते हुए आ रहे थे. इतने में उनके सिर के ऊपर कौआ आया और उन्हें चोंच मारने की कोशिश की लेकिन उन्होंने नीचे झुककर अपना सिर बचा लिया. इस दौरान उन्हें किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।
वायरल होते ही लोगों ने किए कमेंट्स सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होते ही लोग भी तरह-तरह के कमेंट करने लगे. एक ट्विटर यूजर ने लिखा है, “लोकतंत्र पर सीधा हमला”. एक ने लिखा था संसद परिसर में आम आदमी पार्टी (आप) सांसद राघव चड्ढा को चोंच मार गया कौआ. वहीं किसी ने तो इसे अपशगुन होना भी बताया है. ऐसे ही कई तरह के कमेंट्स की सोशल मीडिया पर भरमार है।









