BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

दूसरा वनडे आज राजकोट में, जीत के साथ सीरीज अपने नाम करने उतरेगा भारत

सभी की निगाह कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी रहेगी जो अब अपने करियर के अंतिम पड़ाव में हैं। पहले मैच में कोहली वनडे में अपने 54वें शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 91 गेंदों पर खेली गई 93 रन की पारी ने भारत की जीत की नींव रखी। वहीं, रोहित भी बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे। भारत और न्यूजीलैंड की टीमों में काफी अंतर नजर आता है…

 

राजकोट (ए)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज बुधवार को तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा राजकोट में मैच खेला जाएगा। भारत ने वडोदरा में खेले गए पहले मैच में जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली थी और अब उसकी नजरें दूसरे मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर टिकी होंगी। भारत के लिए चिंता की बात यह है कि उसके दो खिलाड़ी चोटिल होने के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऋषभ पंत पहले से पूर्व चोटिल हुए थे और उनकी जगह ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया गया था। वहीं, वाशिंगटन सुंदर के चोटिल होने की वजह से आयुष बदोनी को वनडे टीम में जगह मिली थी। अब यह देखना होगा कि बदोनी दूसरे वनडे से डेब्यू कर पाते हैं या नहीं।

भारत के लिए सबसे ज्यादा राहत की बात स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का फॉर्म में होना है। कोहली दक्षिण अफ्रीका के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ भी लय में नजर आए। कोहली पहले वनडे मैच में शतक लगाने से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। कोहली से एक बार फिर बड़ी पारी खेलने की उम्मीद होगी। इसमें कोई शक नहीं है कि शीर्ष छह स्थान में कोई बदलाव नहीं होगा। रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल पारी का आगाज करेंगे, जबकि तीसरे स्थान पर कोहली और चौथे नंबर पर श्रेयस अय्यर उतरेंगे। पांचवें स्थान पर बल्लेबाजी के लिए रवींद्र जडेजा और छठे नंबर पर केएल राहुल आएंगे।

भारत के लिए वनडे में पहले छह स्थान सुनिश्चित है और टीम प्रबंधन अगर बदलाव की सोचेगा तो गेंदबाजी में ऐसा हो सकता है। हालांकि, वाशिंगटन पहले मैच के लिए प्लेइंग-11 का हिस्सा थे और उनके बाहर होने से किसी ऑलराउंडर को ही जगह मिलेगी। चयनकर्ताओं ने दिल्ली के आयुष बदोनी को टीम में शामिल किया है, लेकिन भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर की ऑलराउंडर को प्राथमिकता देने की रणनीति को देखते हुए नीतीश कुमार रेड्डी के रूप में एक और ऑलराउंडर को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है। ऐसे में बदोनी को डेब्यू के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
इस बीच सभी की निगाह कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी रहेगी जो अब अपने करियर के अंतिम पड़ाव में हैं। पहले मैच में कोहली वनडे में अपने 54वें शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 91 गेंदों पर खेली गई 93 रन की पारी ने भारत की जीत की नींव रखी। वहीं, रोहित भी बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे। भारत और न्यूजीलैंड की टीमों में काफी अंतर नजर आता है। कीवी टीम का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत नहीं है और भारतीय बल्लेबाज इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
भारत को हालांकि अपनी गेंदबाजी विशेषकर स्पिनरों के प्रदर्शन में सुधार करने की जरूरत है। पिछले मैच में तेज गेंदबाजों को गेंद की गति कम करने की रणनीति अपनाने से कुछ विकेट मिले थे और स्पिनरों को निरंजन शाह स्टेडियम में बेहतर पिच की उम्मीद होगी। पहले वनडे में हार के बावजूद न्यूजीलैंड को इससे काफी आत्मविश्वास मिला होगा कि कोहली के शानदार प्रदर्शन के बावजूद उसने भारत को कड़ी टक्कर दी।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जकारी फोल्क्स, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, आदित्य अशोक।

Related Posts