सभी की निगाह कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी रहेगी जो अब अपने करियर के अंतिम पड़ाव में हैं। पहले मैच में कोहली वनडे में अपने 54वें शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 91 गेंदों पर खेली गई 93 रन की पारी ने भारत की जीत की नींव रखी। वहीं, रोहित भी बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे। भारत और न्यूजीलैंड की टीमों में काफी अंतर नजर आता है…
राजकोट (ए)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज बुधवार को तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा राजकोट में मैच खेला जाएगा। भारत ने वडोदरा में खेले गए पहले मैच में जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली थी और अब उसकी नजरें दूसरे मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर टिकी होंगी। भारत के लिए चिंता की बात यह है कि उसके दो खिलाड़ी चोटिल होने के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऋषभ पंत पहले से पूर्व चोटिल हुए थे और उनकी जगह ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया गया था। वहीं, वाशिंगटन सुंदर के चोटिल होने की वजह से आयुष बदोनी को वनडे टीम में जगह मिली थी। अब यह देखना होगा कि बदोनी दूसरे वनडे से डेब्यू कर पाते हैं या नहीं।
भारत के लिए सबसे ज्यादा राहत की बात स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का फॉर्म में होना है। कोहली दक्षिण अफ्रीका के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ भी लय में नजर आए। कोहली पहले वनडे मैच में शतक लगाने से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। कोहली से एक बार फिर बड़ी पारी खेलने की उम्मीद होगी। इसमें कोई शक नहीं है कि शीर्ष छह स्थान में कोई बदलाव नहीं होगा। रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल पारी का आगाज करेंगे, जबकि तीसरे स्थान पर कोहली और चौथे नंबर पर श्रेयस अय्यर उतरेंगे। पांचवें स्थान पर बल्लेबाजी के लिए रवींद्र जडेजा और छठे नंबर पर केएल राहुल आएंगे।















