BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर भड़का BCCI, कहा- नकवी का ट्रॉफी और मैडल होटल ले जाना बचकाना, करेंगे शिकायत

भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत ने अजेय रहते हुए यह टूर्नामेंट अपने नाम किया और पाकिस्तान के मुंह से जीत छीन ली। भारत के लिए तिलक वर्मा ने अभूतपूर्व पारी खेली और नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई…

 

 

नईदिल्ली (ए)। एशिया कप फाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम द्वारा एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) प्रमुख और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इंकार करने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि नकवी ट्रॉफी और मेडल अपने होटल ले गए, जिस पर बीसीसीआई ने नाराजगी जताई है।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड इस मामले पर नवंबर में होने वाली आईसीसी बैठक में बहुत कड़ा विरोध दर्ज कराएगा। सैकिया ने साफ कहा कि भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए है। ट्रॉफी न लेना एक बात है, लेकिन उनका यूं ट्रॉफी और मेडल होटल ले जाना बचकाना और अस्वीकार्य है।

भारतीय टीम ने खिताबी जीत के बाद ट्रॉफी नहीं उठाई। दरअसल, टीम ने एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला किया था जिसके बाद पुरस्कार समारोह टीम को ट्रॉफी दिए बिना ही समाप्त हो गया। ऐसी खबरें थी कि टीम अमीरात क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष के हाथों से ट्रॉफी लेगी, लेकिन टीम ने ट्रॉफी नहीं उठाने का फैसला किया।

वहीं जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एशिया कप की विजेता टीम के लिए वित्तीय पुरस्कार की घोषणा की है। बीसीसीआई ने बताया कि सहायक स्टाफ और टीम को इस खिताबी जीत के लिए 21 करोड़ रुपये की ईनामी राशि दी जाएगी। तिलक वर्मा को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

भारत की खिताबी जीत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने टीम को बधाई दी है। मुर्मू ने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीतने के लिए भारतीय टीम को बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक भी मैच नहीं गंवाया जो खेल में उनके दबदबे को दर्शाता है। मैं भविष्य में भी भारतीय टीम को इसी तरह की सफलताएं मिलने की कामना करती हूं।

भारत की खिताबी जीत के बाद पीएम मोदी ने लिखा, ‘खेल के मैदान पर भी ऑपरेशन सिंदूर। यहां भी नतीजा वही- भारत जीता। हमारे क्रिकेटरों को इसके लिए बधाई।’

पाकिस्तान को हराकर चैंपियन बनने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने न केवल मैदान पर बल्कि ड्रेसिंग रूम में भी धमाल मचाया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में जितेश शर्मा, अर्शदीप सिंह और युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को मस्ती करते हुए देखा जा सकता है।

इस छोटे लेकिन मजेदार वीडियो में तीनों खिलाड़ी पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद की नकल करते हुए नजर आए। मैच के दौरान और इससे पहले अबरार ने अपनी खास स्टाइल वाली एग्रेसिव सेलिब्रेशन दिखाई थी, लेकिन फाइनल में भारत की जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी उसी अंदाज में उन्हें ट्रोल करते हुए दिखे। हर्षित, जितेश और अर्शदीप कैमरे के सामने अबरार की तरह हाथ फैलाकर जश्न मनाने का अभिनय करते हैं, वहीं संजू सैमसन पास खड़े होकर हंसते हुए उन्हें चियर करते हैं।

अभिषेक ने सभी को पीछे छोड़ा
अभिषेक ने एशिया कप के दौरान सभी मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया और बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया। अभिषेक ने ग्रुप चरण में यूएई के खिलाफ 30, पाकिस्तान के खिलाफ 31 और ओमान के खिलाफ 38 रन बनाए। अभिषेक ग्रुप चरण के प्रत्येक मैच में अच्छी शुरुआत कर रहे थे, लेकिन अर्धशतक लगाने से पहले ही अपना विकेट गंवा दे रहे थे। उन्होंने हालांकि, सुपर चार चरण में इस गलती को सुधारा और लगातार तीन अर्धशतक लगाए। अभिषेक ने पाकिस्तान के खिलाफ 74, बांग्लादेश के खिलाफ 75 और श्रीलंका के खिलाफ 61 रनों की पारी खेली। फाइनल में वह हालांकि, पांच रन बना पाए। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में अभिषेक 314 रनों के साथ शीर्ष पर रहे। दूसरे स्थान पर श्रीलंका के पाथुम निसांका है जिन्होंने 261 रन बनाए हैं।

कुलदीप की फिरकी में फंस रहे विपक्षी गेंदबाज
कुलदीप पूरे एशिया कप के दौरान भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 17 विकेट लिए। कुलदीप ने हर मैच में विकेट लिए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। कुलदीप ने ग्रुप चरण में यूएई के खिलाफ सात रन देकर चार विकेट लिए, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ तीन और ओमान के खिलाफ एक विकेट अपने नाम किए। सुपर चार चरण में कुलदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ एक, बांग्लादेश के खिलाफ तीन और श्रीलंका के खिलाफ एक विकेट लिया।

Related Posts