भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत ने अजेय रहते हुए यह टूर्नामेंट अपने नाम किया और पाकिस्तान के मुंह से जीत छीन ली। भारत के लिए तिलक वर्मा ने अभूतपूर्व पारी खेली और नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई…
नईदिल्ली (ए)। एशिया कप फाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम द्वारा एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) प्रमुख और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इंकार करने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि नकवी ट्रॉफी और मेडल अपने होटल ले गए, जिस पर बीसीसीआई ने नाराजगी जताई है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड इस मामले पर नवंबर में होने वाली आईसीसी बैठक में बहुत कड़ा विरोध दर्ज कराएगा। सैकिया ने साफ कहा कि भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए है। ट्रॉफी न लेना एक बात है, लेकिन उनका यूं ट्रॉफी और मेडल होटल ले जाना बचकाना और अस्वीकार्य है।
भारतीय टीम ने खिताबी जीत के बाद ट्रॉफी नहीं उठाई। दरअसल, टीम ने एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला किया था जिसके बाद पुरस्कार समारोह टीम को ट्रॉफी दिए बिना ही समाप्त हो गया। ऐसी खबरें थी कि टीम अमीरात क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष के हाथों से ट्रॉफी लेगी, लेकिन टीम ने ट्रॉफी नहीं उठाने का फैसला किया।
वहीं जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एशिया कप की विजेता टीम के लिए वित्तीय पुरस्कार की घोषणा की है। बीसीसीआई ने बताया कि सहायक स्टाफ और टीम को इस खिताबी जीत के लिए 21 करोड़ रुपये की ईनामी राशि दी जाएगी। तिलक वर्मा को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत की खिताबी जीत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने टीम को बधाई दी है। मुर्मू ने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीतने के लिए भारतीय टीम को बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक भी मैच नहीं गंवाया जो खेल में उनके दबदबे को दर्शाता है। मैं भविष्य में भी भारतीय टीम को इसी तरह की सफलताएं मिलने की कामना करती हूं।
भारत की खिताबी जीत के बाद पीएम मोदी ने लिखा, ‘खेल के मैदान पर भी ऑपरेशन सिंदूर। यहां भी नतीजा वही- भारत जीता। हमारे क्रिकेटरों को इसके लिए बधाई।’
पाकिस्तान को हराकर चैंपियन बनने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने न केवल मैदान पर बल्कि ड्रेसिंग रूम में भी धमाल मचाया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में जितेश शर्मा, अर्शदीप सिंह और युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को मस्ती करते हुए देखा जा सकता है।
















