आईसीसी ने यह छह बदलाव लागू कर दिए हैं जबकि बाकी के दो बदलावों का ट्रायल होगा। यह ट्रायल अक्तूबर 2025 से शुरू होगा और शुरुआती छह महीनों में इनमें जरूरी बदलाव होंगे…
नईदिल्ली (ए)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने खेल को रोमांचक बनाने के लिए क्रिकेट के तीनों प्रारूपों के नियमों में नए बदलावों की घोषणा की है। इनमें टेस्ट क्रिकेट में स्टॉप क्लॉक से लेकर वनडे में 34 ओवर का खेल होने के बाद नई गेंद तक शामिल है। यहां हम खेल की वैश्विक संस्था द्वारा किए गए आठ बड़े बदलावों के विषय में विस्तार से बात करेंगे।
आईसीसी ने कहा टेस्ट के लिए नए नियम 2025-2027 डब्ल्यूटीसी चक्र से लागू होंगे जिसकी शुरुआत श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच गॉल में पहले टेस्ट के साथ हुई थी। इन दोनों देशों के बीच आगामी सीमित ओवरों की सीरीज वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए नए खेलने के नियमों की शुरूआत करेगी।
टेस्ट में हुई स्टॉप क्लॉक की एंट्री
धीमी ओवर गति से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने टेस्ट में स्टॉप क्लॉक की शुरुआत की है। यह नियम सफेद गेंद प्रारूप में पहले से लागू है। अब आईसीसी ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (2025-27) के नए चक्र से इस नियम को टेस्ट में भी लागू कर दिया है। इस नियम के तहत दो ओवरों के बीच में टीम को अगला ओवर शुरू करने के लिए 60 सेकंड का समय दिया जाएगा। इस समय अंतराल में टीम को हर हाल में अगला ओवर शुरू करना होगा। ओवर खत्म होते ही तीसरा अंपायर मैदान पर लगी घड़ी शुरू कर देगा, जिसमें 60 से लेकर शून्य तक उल्टी गिनती शुरू होगी। अगर इस समय सीमा में ओवर शुरू नहीं होता तो मैदानी अंपायर टीम को दो चेतावनियां देगा। तीसरी चेतवानी पर पांच रन की पेनाल्टी लगेगी। ये रन बल्लेबाजी टीम के खाते में जुड़ेंगे।
यदि कोई खिलाड़ी मैच शुरू होने के बाद (मैच से पूर्व वार्म-अप अवधि सहित) किसी भी समय खेल के मैदान पर गंभीर रूप से घायल हो जाता है, तो उसकी जगह पर मैच के शेष समय के लिए पूरी तरह भाग लेने वाले समान खिलाड़ी को शामिल किया जा सकता है।
वाइड बॉल (टी20 अंतरराष्ट्रीय और वनडे क्रिकेट)
टी20 और वनडे क्रिकेट में वाइड बॉल को लेकर नया नियम लागू किया जाएगा। इसके तहत अगर गेंद फेंकते समय बल्लेबाज ऑफ साइड या लेग साइड की ओर मूव करता है तो प्रोटेक्टेड एरिया की लाइन को वाइड लाइन माना जाएगा। इसका मतलब है कि लेग स्टंप और प्रोटेक्टेड एरिया मार्कर के बीच पॉपिंग क्रीज से गुजरने वाली गेंद को वाइड नहीं माना जाएगा।
















