NSA चीफ अजीत डोभाल की सुरक्षा में हुई चूक मामले में कार्रवाई करते हुए सुरक्षा में तैनात 3 कमांडो को बर्खास्त कर दिया गया है, जिस वक्त ये कमांडो अजीत डोभाल की सुरक्षा में तैनात थे उस समय एक अपरिचित गाड़ी उनके आवास के गेट तक पहुंच गई थी…
नईदिल्ली (ए)। देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की सुरक्षा में हुई चूक मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. सरकार ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सुरक्षा में तैनात 3 कमांडो को बर्खास्त कर दिया है. सुरक्षा में चूक होने के कारण केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के तीनों कमांडो सेवा से बर्खास्त हो गये हैं. वहीं, सीआईएसएफ की ‘वीआईपी’ सुरक्षा इकाई के दो वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला भी कर दिया गया है।
कैसे हुई सुरक्षा में चूक: यह घटना फरवरी 2022 की है. दरअसल, जिस वक्त ये कमांडो एनएसए अजीत डोभाल की सुरक्षा में तैनात थे उस समय एक अपरिचित गाड़ी उनके आवास के गेट तक पहुंच गई थी. हालांकि, इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था. उसकी पूछताछ की गई तो ऐसा मालूम हुआ की वो मानसिक रूप से परेशान था।
डोभाल को मिली है जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा: गौरतलब है कि अजीत डोभाल को केंद्रीय अति विशिष्ट व्यक्ति (वीआईपी) सुरक्षा सूची के तहत ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है. उन्हें सीआईएसएफ की विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) इकाई द्वारा सुरक्षा कवर मुहैया कराया गया है. लेकिन 16 फरवरी को उनकी सुरक्षा चूक की घटना घटी।
5 अधिकारी पाये गये दोषी: सुरक्षा चूक मामले में सीआईएसएफ की जांच में पांच अधिकारियों को दोषी पाया गया है. जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई. इसी के तहत एसएसजी के तीन कमांडो को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया, जबकि इस सुरक्षा इकाई का नेतृत्व कर रहे डीआईजी और उनके पद के ठीक नीचे के कमांडेंट रैंक के दो वरिष्ठ अधिकारी का तबादला कर दिया गया है।















