BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

242 यात्रियों वाली एअर इंडिया फ्लाइट क्रैश: राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने विमान हादसे पर जताया दुख, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर संचालन बंद

भीषण विमान हादसे के दौरान विमान सवार लोगों की जानकारी एअर इंडिया की तरफ साझा की गई है। एअर इंडिया के मुताबिक, हादसे के दौरान विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली नागरिक और एक कनाडाई नागरिक सफर कर रहा था…

 

 

अहमदाबाद (ए)। गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा अहमदाबाद के मेघाणी इलाके में हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ विमान एयर इंडिया का है और उसमें 242 यात्री सवार थे। हादसे के बाद आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दे रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेकऑफ करते ही हादसे का शिकार हो गया। घटनास्थल पर अग्निशमन दल की टीमें पहुंच गई हैं

एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली उड़ान संख्या AI171 गुरुवार को उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अहमदाबाद से दोपहर 1338 बजे रवाना हुई इस उड़ान में बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं, 53 ब्रिटिश नागरिक हैं, 1 कनाडाई नागरिक है और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया जा रहा है।

राष्ट्रपति भवन की तरफ से एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा गया- अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बारे में जानकर मैं बहुत दुखी हूं। यह एक हृदय विदारक आपदा है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे हृदय विदारक है। इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विमान दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की। उन्होंने केंद्र सरकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के मुताबिक, एयर इंडिया का B787 विमान VT-ANB, उड़ान संख्या AI-171 अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 लोग संवार थे, जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास थी और उसके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे।

अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर बचाव और राहत कार्यों में कई एजेंसियां शामिल हैं, घटनास्थल पर धुएं के साथ मलबा फैला हुआ है। AI171 दुर्घटना के मद्देनजर, सभी विवरणों के समन्वय के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय में एक परिचालन नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया गया है। संपर्क: 011-24610843 | 9650391859।

नागरिक उड्डन मंत्री राममोहन नायडू विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलते ही तुरंत विजयवाड़ा से अहमदाबाद पहुंच गए हैं। वे डीजीसीए, एनडीआरएफ और गुजरात राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि त्वरित, समन्वित प्रतिक्रिया और सहायता सुनिश्चित की जा सके। बचाव और चिकित्सा दल मौके पर हैं।

सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एसवीपीआईए) प्रवक्ता ने बताया कि एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के चलते सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अहमदाबाद फिलहाल चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैंने अधिकारियों को तत्काल बचाव और राहत कार्य चलाने और घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। मैंने घायल यात्रियों को इलाज के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने और अस्पताल में इलाज की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की। उन्होंने विमान दुर्घटना का जायजा लिया। मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। पीएम मोदी ने मंत्री से कहा है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहें। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं।

एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने भी विमान हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज एक दुखद हादसे का शिकार हो गई। इस घटना से प्रभावित सभी लोगों और उनके परिवारों के लिए हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस समय हमारा ध्यान उन सभी लोगों की मदद करने पर है जो इस हादसे में प्रभावित हुए हैं और उनके परिवारों को हर तरह की सहायता देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी इमरजेंसी टीम घटनास्थल पर मौजूद है। जरूरतमंद लोगों को पूरी मदद दी जा रही है। जैसे ही हमें और सही जानकारी मिलेगी, हम आगे अपडेट देते रहेंगे। उन्होंने बताया कि हमने एक इमरजेंसी हेल्प सेंटर शुरू किया है ताकि जिन परिवारों को जानकारी चाहिए, उन्हें मदद मिल सके।

अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर पश्चिमी रेलवे ने कहा, ‘दुखद अहमदाबाद विमान दुर्घटना के जवाब में, पश्चिमी रेलवे की आपदा प्रबंधन टीम राज्य के साथ निकट समन्वय बनाए रखते हुए, घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से पूर्ण सहायता प्रदान कर रही है। बचाव कार्यों में सहायता के लिए पश्चिमी रेलवे मेडिकल टीम और आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) के जवानों को भी पहले ही तैनात किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, पश्चिमी रेलवे मांग के आधार पर अहमदाबाद से अतिरिक्त ट्रेनें संचालित करेगी। फिलहाल, अहमदाबाद से मुंबई के लिए एक ट्रेन और दिल्ली के लिए एक ट्रेन चलाने की योजना बनाई जा रही है।’

 

 

 

Related Posts