प्रधानमंत्री मोदी ने प्रचंड गर्मी के बीच रिकॉर्ड तोड़ 200 रैलियां कीं. इसमें सबसे ज्यादा 22 जनसभाएं और कुल 31 चुनावी कार्यक्रम उत्तर प्रदेश में किए हैं…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को होने वाले लोकसभा चुनावों के अंतिम चरण के लिए गुरुवार को पंजाब के होशियारपुर में अपना चुनाव अभियान समाप्त किया. हालांकि, अब सबकी नजर 4 जून को आने वाले नतीजे पर रहेगी. जबकि, बीजेपी अपने तीसरे कार्यकाल की ओर देख रही है, जिसके लिए पीएम मोदी ने देशभर में बड़े पैमाने पर प्रचार किया है. वहीं, पीएम मोदी आज 30 मई से 1 जून तक तमिलनाडु के कन्याकुमारी का दौरा करने वाले हैं, जहां वह प्रसिद्ध विवेकानंद रॉक मेमोरियल जाएंगे।
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में चुनाव के ऐलान के बाद के लगभग 75 दिनों में 200 से ज्यादा रैलियां कीं. जिनमें 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए उनके रोड शो शामिल हैं. इस दौरान पीएम मोदी ने देश के कई बड़े मीडिया घरानों को 80 इंटरव्यू दिए. इसमें हर तरह के मीडिया संस्थान हिंदी, अंग्रेजी और देश के अन्य भाषाओं के अखबार और टीवी चैनल शामिल हैं. जबकि, पीएम मोदी ने इस बार के चुनाव में अपने प्रचार अभियान की शुरुआत बिहार के जमुई जिले से की थी।
इस दौरान पीएम मोदी ने धर्म के आधार पर आरक्षण, नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए), अयोध्या में राम मंदिर ,जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाने और अन्य सहित कई मुद्दों पर विपक्ष की आलोचना की. एएनआई के साथ एक इंटरव्यू में, पीएम मोदी ने 2024 के लोकसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में अपनी पार्टी के प्रदर्शन के बारे में बात की और कहा कि पार्टी को राज्य में अधिकतम सफलता मिलेगी. उन्होंने कहा कि “बंगाल चुनाव में टीएमसी पार्टी अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के पास 3 सीटें थीं. पीएम ने कहा कि इसके बाद बंगाल के लोगों ने हमें तीन से 80 तक पहुंचाया. पीएम ने कहा कि पिछले चुनाव में हमें लोकसभा में बहुत समर्थन मिला था. इस बार भारत में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला राज्य पश्चिम बंगाल होने जा रहा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी को बंगाल में सबसे ज्यादा सफलता मिल रही है।
वहीं, कांग्रेस और गांधी परिवार पर उनके कार्यकाल के दौरान संविधान में संशोधन करने का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब तक वे जीवित हैं, वे किसी को भी संविधान के मूल सिद्धांतों के साथ खिलवाड़ नहीं करने देंगे।
वहीं, पीएम मोदी आज 30 मई की शाम से 1 जून की शाम तक ध्यान मंडपम में ध्यान करने की योजना बनाई है. ये, वही स्थान हैं जहां स्वामी विवेकानंद ने एक बार ध्यान किया था. यह भारत का सबसे दक्षिणी छोर है. इसके अलावा, यह वह स्थान है जहां भारत की पूर्वी और पश्चिमी तटरेखाएं मिलती हैं. इस दौरान पीएम मोदी कन्याकुमारी जाकर राष्ट्रीय एकता का संकेत दे रहे हैं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री चुनाव प्रचार के अंत में आध्यात्मिक यात्रा करने के लिए जाने जाते हैं. हालांकि, इससे पहले 2019 में उन्होंने केदारनाथ और 2014 में शिवाजी के प्रतापगढ़ का दौरा किया था।
















