चुनाव आयोग ने विधानसभा के आम चुनाव के लिए मतगणना की तारीख में बदलाव किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में जानकारी दी है। आयोग ने बताया कि मतगणना की तारीख को तीन दिसंबर, 2023 (रविवार) से संशोधित करके 4 दिसंबर, 2023 (सोमवार) कर दिया गया है…
नईदिल्ली (ए)। चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि यह कदम राज्य के कई क्षेत्रों से आए उन प्रस्तावों के बाद उठाया गया है, जिनमें मतगणना की तारीख को 3 दिसंबर, 2023 (रविवार) से किसी अन्य सप्ताह के दिन में बदलने का अनुरोध किया गया था। प्रस्तावों में कहा गया था तीन दिसंबर, 2023 को रविवार होने के कारण मिजोरम के लोगों के लिए खास महत्व है।
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को कहा कि मिजोरम में वोटों की गिनती मूल रूप से निर्धारित समय से एक दिन बाद 4 दिसंबर को होगी. इसमें कहा गया है कि यह निर्णय विभिन्न हलकों से तीन दिसंबर की मतगणना की तारीख में बदलाव के अनुरोध के बाद लिया गया. बता दें कि रविवार चर्च में प्रार्थना करने के लिहाज से ईसाई-बहुल राज्य मिजोरम के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।
मिजोरम चर्च लीडर्स कमेटी के अध्यक्ष डॉ. चौंगमिंगलियाना ने पीटीआई से बात करते हुए कहा कि हमें ईसीआई से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है. उन्होंने 4 दिसंबर यानी सोमवार को मतगणना का दिन कर दिया है. इस संबंध में हमारी चर्च लीडर्स कमेटी और मैं मिजोरम के सभी लोगों और मिजोरम के सभी चर्चों की ओर से आभार व्यक्त करना चाहता हूं.
बता दें कि इससे पहले जारी चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, मिजोरम के साथ ही अन्य चुनावी राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में तीन दिसंबर को वोटों की गिनती होनी थी। अब मिजोरम के संदर्भ में यह तारीख एक दिन आगे बढ़ गई है।
पूर्वोत्तर राज्य में विधानसभा की 40 सीटें हैं। इस बार राज्य में कुल 174 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। यहां 7 नवंबर को सभी 40 सीटों पर मतदान कराया गया था। सत्ताधारी पार्टी मिजो नेशनल फ्रंट के मुखिया और मुख्यमंत्री जोरमथंगा राजधानी आइजोल की आइजोल पूर्व-1 सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।















