भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को पहले वनडे में 5 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही मोहाली के मैदान पर भारतीय टीम के 27 साल का इंतजार भी खत्म हो गया। भारतीय टीम की इस जीत ने पाकिस्तान को भी बड़ा दर्द दे दिया है…
मोहाली (ए)। भारतीय टीम ने एशिया कप की फॉर्म ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में भी जारी रखी है। कप्तान और बल्लेबाजी लाइनअप में बदलाव के बाद भी भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हरा दिया। इस मैच को जीतकर भारत ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त भी बना ली है। मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम पर भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 27 साल बाद जीत मिली है। टीम को यहां ऑस्ट्रेलिया पर आखिरी जीत 1996 में मिली थी। मोहाली में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2006 में 6 विकेट, 2009 में 24 रन, 2013 में 4 विकेट और फिर 2019 में 4 विकेट से हार मिली थी।
ऑस्ट्रेलिया पर मिली इस जीत के साथ ही भारतीय टीम आईसीसी वनडे रैंकिंग में टॉप पर पहुंच गई है। लेकिन दशमलव में पाकिस्तान आगे था। इस मैच से पहले भारत और पाकिस्तान दोनों के 115-115 रेटिंग पॉइंट थे। लेकिन इस जीत के बाद भारतीय टीम 116 पॉइंट के साथ टॉप पर पहुंच गई है। 111 पॉइंट के साथ ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया की यह वनडे में लगातार चौथी हार है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका में टीम को लगातार तीन हार मिली थी।
भारतीय टीम को शुभमन गिल और रुतुराज गायकवाड़ की नई सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। अपने घरेलू मैदान पर गिल ने शुरुआत से ही गेंदबाजों की क्लास लेनी शुरू कर दी। उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की। रुतुराज ने भी वनडे में अपना पहला अर्धशतक बनाया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 142 रनों की साझेदारी हुई। 71 रनों की पारी खेलने के बाद रुतुराज एडम जम्पा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। 148 के स्कोर पर श्रेयस अय्यर (3) रन आउट हुए। फिर गिल भी 63 गेंद पर 74 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जम्पा ने उन्हें बोल्ड किया।
चौथे विकेट के लिए ईशान किशन और केएल राहुल ने 34 रन जोड़े। 185 पर ईशान किशन के आउट होने के बाद केएल राहुल को सूर्यकुमार यादव का साथ मिला। वनडे में लगातार फॉर्म से जूझ रहे सूर्या अलग ही लय में दिखे। उन्होंने करीब एक साल बाद इस फॉर्मेट में फिफ्टी लगाई। जब वह 49 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुए तो भारत को जीत के लिए सिर्फ 12 रन चाहिए थे। इसके बाद कप्तान केएल राहुल ने भी फिफ्टी लगाई और भारत को 49वें ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। उन्होंने छक्के से मैच फिनिश किया। कप्तान नाबाद 58 रन की पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई जबकि रविंद्र जडेजा 3 रन पर नाबाद रहे।
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 51 रन देकर पांच विकेट चटकाये जिससे भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 276 रन पर ऑल आउट कर दिया। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल विकेट पर में भारतीय कप्तान केएल राहुल ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शमी ने पहले ओवर में मिशेल मार्श (4) को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ मिलकर वॉर्नर और स्मिथ को काफी परेशान किया। अपने दूसरे स्पेल में मोहम्मद शमी ने सेट हो चुके स्टीव स्मिथ (41 रन) को चलता कर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को दबाव में ला दिया। स्मिथ और वार्नर दूसरे विकेट 94 रन की साझेदारी की जिसे रविंद्र जडेजा ने 19वें ओवर में तोड़ा। वार्नर ने 53 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के की मदद से 52 रन बनाये।















