देश के मौसम में असमान उतार-चढ़ाव बना हुआ है। उत्तर पश्चिम और इसके निकटवर्ती मध्य भारत के मैदानी इलाकों के 10 राज्यों में जहां भीषण गर्मी और लू का सितम बना हुआ है, वहीं पूर्वोत्तर, पूर्वी और उसके आसपास के मध्य भारत के क्षेत्रों में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और बारिश का कहर जारी है…
नईदिल्ली (ए)। देश के अधिकांश राज्यों में इस समय मौसम में उतार चढ़ाव बना हुआ है। उत्तर प्रदेश पंजाब हरियाणा समेत देश के 10 राज्य भीषण लू की चपेट में है। वहीं, दक्षिण पश्चिम राजस्थान और ऊसके आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। जिसके कारण पूर्वोत्तर में बारिश का कहर दिख रहा है। साथ ही उत्तर पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश, बिजली गिरने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में लू चल रही है। सुबह नौ बजे के बाद ही घरों से बाहर निकला भारी हो गया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। महाराष्ट्र के विदर्भ के ब्रह्मपुरी में देश का सर्वाधिक तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंजाब के आदमपुर में सबसे कम 18.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले तीन साल में सर्वाधिक है। इससे पहले, 2022 में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
















