भिलाई। भारतीय जनता पार्टी आगामी 22 मार्च को पूरे देश में ‘बिहार दिवस’ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के विचार के अनुरूप “स्नेह मिलन कार्यक्रम” आयोजित करने जा रही है। गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेताओं ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ के पाँच से छह जिलों में यह कार्यक्रम रखा जाएगा। भिलाई में 22 मार्च को सुबह 10: 30 बजे चौहान इंपीरियन, बाई पास रोड, नेहरूनगर में आयोजित की गई है। इन कार्यक्रमों में भाजपा प्रदेश प्रभारी और बिहार के मंत्री नितिन नबीन मुख्य अतिथि होंगे वही कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे।
विशेष अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल, पूर्व सांसद सरोज पांडेय, विधायक ललित चंद्राकर, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, रिकेश सेन, गजेंद्र यादव, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय आदि मौजूद रहेंगे।
भाजपा नेताओं ने जानकारी दी कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार बिहार दिवस के संबंध में यह “एक भारत, श्रेष्ठ भारत स्नेह मिलन कार्यक्रम” आगामी 22 से 30 मार्च तक आयोजित किए जाएंगे और प्रत्येक कार्यक्रम के लिए एक प्रदेश टीम एवं कार्यक्रम टीम का गठन किया जाना है। सभी प्रमुख शहरों एवं क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जहाँ बिहार के प्रवासी बसे हुए हैं।
सभा कार्यक्रम में स्थानीय और प्रवासी बिहारी समाज के सफल व्यक्तियों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सहभोज शामिल होंगे। सहभोज में स्थानीय और बिहारी व्यंजन शामिल किए जाएंगे। कार्यक्रमों एवं भाषणों में भारतीय संस्कृति एवं इतिहास में बिहार के योगदान, बिहार में एनडीए सरकार की उपलब्धियों और आगामी विधानसभा चुनावों में प्रवासियों के सहयोग पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बिहार भाजपा के नेता इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे, स्थानीय नेता और समाज के वरिष्ठ लोग इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भिलाई भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, दुर्ग भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, पार्षद दया सिंह, विनोद सिंह, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, बृजेश बिजुरिया, चन्ना केशवलु, मदन सेन, प्रेमलाल साहू, शैलेन्द्र सिंह, ललन सिंह विजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
















