BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़ में 19 की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुःख

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस त्रासदी में अपनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने माँ दुर्गा से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।

ज्ञात हो कि शनिवार को कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 19 लोगों ने जान गंवाई है। 25 लोग घायल भी हुए हैं। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने भगदड़ की जांच के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति, पीएम मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हताहतों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं जताई हैं।

कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा आयोजन में भगदड़ की घटना के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कोलकाता पुलिस के मुताबिक, इस घटना को लेकर गिरिश पार्क थाने में स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आयोजकों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 110 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में अब तक 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने कहा, “जिन 19 परिवारों ने अपने किसी सदस्य को खोया है, उनके लिए मुआवजे का एलान किया गया है। उनमें से 13 परिवारों से मैंने वन-टू-वन मुलाकात की। मैंने उन्हें भरोसा दिया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उनकी मदद करेगी। उन्होंने भी सरकार पर भरोसा जताया है। पश्चिम बंगाल सरकार प्रत्येक पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और एक नौकरी देगी। हर घायल का 100 प्रतिशत मेडिकल खर्च सरकार उठाएगी, साथ ही 5 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा भी देगी।”

Related Posts