BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

16 घंटे में 900 किमी का सफर तय कर मुख्तार अंसारी पहुंचा बांदा जेल, योगी सरकार ने अंसारी के किले को किया ध्वस्त, अब साम्राज्य का होगा खत्मा

लखनऊ (ए)। पंजाब की रोपड़ जेल से निकलने के बाद करीब 900 किलोमीटर का सफर 16 घंटे में तय करते हुए मुख्तार अंसारी को कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार भोर 4.30 बजे बांदा जेल पहुंचा दिया गया। इस दौरान तीन बार उसका रूट भी चेंज किया गया। जेल आने से एक घंटे पहले पूरी रोड को बैरिकेड कर दिया गया। पुलिस का काफिला मुख्तार को लेकर बांदा की सीमा जसपुरा में भोर में  3.30 बजे दाखिल हुआ। इसके बाद पैलानी, पपरेन्दा और विश्वविद्यालय रोड से होते हुए मुख्तार को बांदा जेल में दाखिल कराया गया। काफिल पहुंचने से ठीक 10 मिनट पहले जेल गेट खोल दिया गया। मुख्तार के साथ आ रही गाड़ियों को जेल से एक किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया। जेल के अंदर केवल मुख्तार की एम्बुलेंस और पुलिस अधिकारियों की दो ही गाड़ियों को जाने दिया गया। मुख्तार को भारी सुरक्षा के साथ लेकर चल रहा काफिला करीब डेढ़ बजे के आसपास कानपुर देहात के सट्टी थाने के पास करीब 15 मिनट के लिए रोका गया। गाड़ियों के रुकते ही काफिले के साथ चल रहे मीडियाकर्मी मुख्तार की एंबुलेस की तरफ दौड़ पड़े। इसको लेकर पुलिस और मीडियाकर्मियों में धक्का-मुक्की भी हुई। करीब 15 मिनट बाद काफिला कानपुर नगर के घाटमपुर की ओर निकला और वहां से हमीरपुर। यहां से काफिले ने पैलानी थाना क्रास किया। इसके बाद आखिरी थाना देहात कोतवाली और 8 किलोमीटर बाद सीधे बांदा जेल पहुंच गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफिया मुख्तार अंसारी के अभेद्य किले को ढहा दिया है और अब जड़ खोदने की तैयारी है। यही कारण है कि मुख्तार को यूपी आने में डर लग रहा था। माफिया मुख्तार अंसारी और उसके सहयोगियों के खिलाफ यूपी पुलिस ने ऐसी कड़ी कार्यवाई की है, जो मिसाल है। माफिया और उसके सहयोगियों के कब्जे से सरकारी जमीन खाली कराने, ध्वस्तीकरण, जब्त संपत्ति की कीमत करीब 192 करोड़ छह लाख 22 हजार रुपये है। 41 करोड़ रुपये की सालाना अवैध आय को बंद भी कराया है।

96 गैंग मेंबर हुए गिरफ्तार, 72 लाइसेंस निरस्त
पुलिस ने गिरोह के 96 सदस्यों को गिरफ्तार किया है और 75 अपराधियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्यवाई भी की है। 72 शस्त्र लाइसेंस निरस्त और निलंबित किए गए हैं। सात सहयोगी ठेकेदारों (पीडब्ल्यूडी और कोयला) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शस्त्र लाइसेंस निलंबित किया है और छह अन्य ठेकेदारों का चरित्र प्रमाण पत्र निरस्त किया है। गुंडा एक्ट के तहत 12 अपराधियों को जिला बदर किया गया है। गाजीपुर के थाना युसूफपुर मोहम्मदाबाद निवासी माफिया मुख्तार अंसारी पंजाब की रोपड़ जेल में बंद था और कोर्ट के आदेश पर यूपी पुलिस एक मुकदमे में सुनवाई के सिलसिले में यूपी ले आई है। राजनीतिक कारणों से उसकी आमदगी नहीं हो पा रही थी।

ताबड़तोड़ एक्शन

पुलिस ने माफिया की पत्नी अफसा अंसारी और दो साले सरजील रजा, अनवर शहजाद के खिलाफ गाजीपुर में कुर्क की गई जमीन पर अवैध कब्जा करने पर मुकदमा किया है। कब्जा मुक्त जमीन की कीमत करीब 18 लाख है और क्षतिपूर्ति के रूप में कुल 26,43,600 रुपये की वसूली की जा रही है। पुलिस ने माफिया की पत्नी और बेटों अब्बास अंसारी और उमर अंसारी सहित 12 लोगों के खिलाफ जालसाजी कर पट्टे की जमीन हड़प कर होटल बनाने पर मुकदमा किया है। साथ ही पत्नी और साले के खिलाफ गैंगेस्टर में भी मुकदमा किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने करीब 2.75 करोड़ की जमीन खाली कराई है।

दबिश में मिले वायरलेस सेट, छह बैट्री, एक बुलेट प्रूफ फार्च्यूनर कार
लखनऊ पुलिस ने माफिया मुख्तार के निकट सहयोगी हरविंदर सिंह उर्फ जुगनू की दो करोड़ 31 लाख 46 हजार की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने डालीबाग में मुख्तार के 25-25 हजार के इनामी दो बेटों अब्बास और उमर अंसारी के अवैध रूप से बने दो टावर को जमीदोज कर खाली कराया है, जिसकी कीमत पांच करोड़ है। पुलिस ने माफिया के अन्य सहयोगियों के ठिकानों पर दबिश में मोबाइल, पांच वायरलेस सेट, छह बैट्री, एक बुलेट प्रूफ फार्च्यूनर कार, तीन अवैध असलहे और 24 टिफिन बरामद किए हैं।

प्वाइंटर में जानें मुख्तार पर योगी सरकार की कार्रवाई
-दो करोड़ 40 लाख की कीमत का अवैध स्लाटर हाउस ध्वस्त
-मछली के अवैध कारोबार में लिप्त 26 गुर्गे पहुंचे जेल
-अवैध कोयला कारोबार से लेकर एयरपोर्ट के लिए आवंटित भूमि पर भी कब्जा
-मुठभेड़ में शूटर ढेर, तीन और सहयोगी गिरफ्तार
-गुर्गों की तीन करोड़ 29 लाख रुपये की सम्पत्ति जब्त

इन्हें किया गया जिला बदर
पुलिस ने गिरोह के 12 अपराधियों अल्तमश, अनीस, मोहर सिंह, जुल्फेकार कुरैशी, तारिक, मो. सलमान, आमिर हमजा, मो. तलहा, जावेद आरजू, मो. हाशिम, राशिद और अनुज कनौजिया को छह माह के लिए जिला बदर किया है और 10 अपराधियों के खिलाफ गुण्डा एक्ट के तहत कार्यवाई की है।

मुख्तार अंसारी और उसके गुर्गों पर हुई हर कार्रवाई पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बराबर नजर रही। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस ने मुख्तार और उसके गुर्गों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 192 करोड़ से ज्यादा कीमत की सरकारी जमीन खाली कराई और संपत्तियां जब्त कीं। इसमें ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी शामिल है। पुलिस ने गिरोह के 96 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। 75 अपराधियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही भी की गई है। माफिया और उसके गैंग के 72 शस्त्र लाइसेंस निरस्त और निलंबित किए गए हैं। पीडब्ल्यूडी और कोयले की ठेकेदारी करने वाले सात सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शस्त्र लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। छह अन्य ठेकेदारों का चरित्र प्रमाण पत्र निरस्त किया गया है।

 

Related Posts