BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

10 राज्यों की 96 सीटों पर थमा चुनाव प्रचार, चौथे चरण के लिए मतदान 13 मई को

7 चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 के 3 चरण पूरे हो चुके हैं और चौथे चरण के लिए 13 मई को होने वाली वोटिंग से पहले इसका चुनाव प्रचार भी थम गया है…

 

नईदिल्ली (ए)। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तीन चरणों के लिए मतदान हो चुका है और चौथे चरण के लिए 13 मई को वोटिंग होनी है, जिसके लिए चुनाव प्रचार आज शनिवार (11 मई) को थम चुका है. इस चरण में 10 राज्यों की कुल 96 सीटों पर वोटिंग होगी. इस चरण में आंध्र प्रदेश की 25 सीटों के साथ-साथ तेलंगाना की भी सभी 17 सीटों पर चुनाव होना है।

इसके अलवा उत्तर प्रदेश की 11, महाराष्ट्र की 11, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की 8-8, बिहार की 5, ओडिशा और झारखंड की 4-4 और जम्मू-कश्मीर की एक सीट शामिल है. चौथे चरण की समाप्ति के साथ ही 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. कुल मिलाकर 381 सीटों पर मतदान संपन्न हो जाएगा. आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी सोमवार को होना है।

चौथे चरण में प्रमुख उम्मीदवारों की अगर बात की जाए तो कन्नैज से अखिलेश यादव, श्रीनगर से उमर अब्दुल्ला, बेगूसराय से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी, कृष्णानगर से महुआ मोइत्रा, आसनसोल से शत्रुघ्नन सिन्हा, हैदराबाद से असदुद्दीन ओवैसी और कडप्पा से वाईएस शर्मिला शामिल हैं।

इन सीटों में हैदराबाद की हॉट सीट मानी जा रही है जहां से बीजेपी ने माधवी लता को अपना उम्मीदवार बनाया है. इस बार असदुदीन ओवैसी की टक्कर माधवी लता से हो रही है. इसके अलावा कन्नौज सीट समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाती है, वहां से अखिलेश यादव की टक्कर मौजूदा सांसद और बीजेपी उम्मीदवार सुब्रत पाठक से होने वाली है।

साथ ही पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है क्योंकि कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी के सामने तृणमूल कांग्रेस ने पूर्व क्रिकेटर युसुफ पठान को अपना उम्मीदवार बनाया है।

उन्नाव से साक्षी महाराज की टक्कर सपा-कांग्रेस गठबंधन की प्रत्याशी अनु टंडन से होने वाली है, जबकि मायावती की पार्टी बसपा ने यहां से अशोक कुमार पांडेय को टिकट दिया है. उन्नाव लोकसभा सीट बीजेपी प्रत्याशी साक्षी महाराज की वजह से हमेशा से ही चर्चा में रही है।

पिछले लोकसभा चुनाव में इन 96 सीटों पर किस पार्टी ने की जीत दर्ज

सोमवार (13 मई) को जिन 96 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने 42 सीटें जीती थीं, जबकि वाईएसआर कांग्रेस ने 22 सीटें (आंध्र प्रदेश में), बीआरएस ने 9 (तेलंगाना), कांग्रेस ने 6, तृणमूल कांग्रेस ने 4, टीडीपी ने 3, बीजेडी, एआईएमआईएम और शिवसेना 2-2 सीटें जीती थीं जबकि एनसीपी, एलजेपी, जेडीयू और नेशनल कॉन्फ्रेंस के हाथ एक-एक सीट आई थी।

इस चरण में 476 उम्मीदवार ऐसे हैं जो करोड़पति की लिस्ट में शामिल हैं. जिसमें से आंध्र प्रदेश के गुंटूर से टीडीपी के उम्मीदवार डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी के पास 5 हजार 705 करोड़ रुपये की संपत्ति है, इसके बाद बीजेपी उम्मीदवार कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी की संपत्ति 4 हजार 588 करोड़ रुपये है. चौथे चरण में बीजेपी के 70 में 65 उम्मीदवार करोड़पति हैं, जबकि दूसरे नंबर कांग्रेस के 56 उम्मीदवार करोड़पति हैं।

Related Posts