आईपीएल के इतिहास में अब तक किसी एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक शतकीय पारी खेलने का रिकॉर्ड कोलकाता नाइट राइडर्स के नाम पर है, जिनके खिलाफ अब तक 11 शतक लग चुके हैं…
कोलकाता (ए)। हैरी ब्रूक के बल्ले का कमाल देखने को मिला, जिन्होंने इस मैच में सिर्फ 55 गेंदों में 12 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रनों की बेहतरीन पारी खेली. इसके अलावा हैदराबाद की तरफ से कप्तान एडेन मारक्रम ने 50 और अभिषेक शर्मा ने 32 रनों की अहम पारी खेली, जिसके दम पर टीम 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 228 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही।
आईपीएल के 16वें सीजन के 19वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में मैच को 20 रनों से अपने नाम करने के साथ इस सीजन में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की. इस मैच में कोलकाता की टीम को 229 रनों का लक्ष्य मिला था लेकिन वह 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 205 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सके. हैदराबाद की तरफ से इस मैच में मयंक मार्कंडे ने एक बार फिर गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई. कोलकाता की टीम को इस मैच के आखिरी ओवर में जीत के लिए 32 रनों की दरकार थी लेकिन वह सिर्फ 8 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी।
आईपीएल के 16वें सीजन की पहली शतकीय पारी सनराइजर्स हैदराबाद टीम के बल्लेबाज हैरी ब्रूक के बल्ले से देखने को मिली. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ब्रूक ने 55 गेंदों में 100 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के शामिल थे. इसी के साथ अब आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा खेली गई शतकीय पारियों के मामले में कोलकाता की टीम पहले स्थान पर आ गई है।
आईपीएल में अब तक कई शतकीय पारियां देखने को मिली हैं, जिसमें से हैरी ब्रूक के शतक को मिलाकर अब उनके खिलाफ 11 बार किसी बल्लेबाज ने शतकीय पारी खेली है. इसके बाद इस लिस्ट में दूसरे और तीसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम है जिनके खिलाफ 9-9 शतकीय पारियां अब तक देखने को मिल चुकी हैं।
24 साल के इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक को लेकर पिछले 1 साल में सबसे ज्यादा चर्चा देखने को मिली है. आईपीएल में भी उनको अपनी टीम में शामिल करने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 13 करोड़ रुपए से अधिक खर्च कर दिए थे. हैरी का बल्ला शुरुआती 3 मुकाबलों में कुछ खास नहीं चला था, जिसके बाद उन्होंने कोलकाता के खिलाफ इस मैच में शानदार शतकीय पारी खेली।
अब हैरी ब्रूक एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके नाम पर पाकिस्तान सुपर लीग के साथ-साथ आईपीएल में भी शतकीय पारी खेलने का रिकॉर्ड दर्ज हो चुका है. हैरी ब्रूक ने अभी तक अपने टी20 करियर में 102 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने अब तक 32.81 के औसत से 2461 रन बनाए हैं. हैरी के नाम पर टी20 फॉर्मेट में 2 शतकीय पारियां दर्ज हैं. इसके अलावा उनका स्ट्राइक रेट 146.66 का देखने को मिला है।









