पाकिस्तान के खिलाफ यह तय माना जा रहा है कि भारत अपनी पिछली रणनीति ही अपनाएगा। दरअसल, टीम पहले दो मैच में तीन स्पिनर और बुमराह के रूप में एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज के साथ खेलने उतरी थी। यह रणनीति सफल रही थी…
नईदिल्ली (ए)। भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर एशिया कप में आज आमने-सामने होंगे। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में एकतरफा अंदाज में इस चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को पटखनी दी थी और वे अब सुपर चार चरण में भी इस लय को बरकरार रखने उतरेंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच और भी दिलचस्प होगा क्योंकि पिछले मैच में हुए हैंडशेक विवाद के बाद दोनों टीमों के बीच तल्खी बढ़ना तय है।
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में खेला गया पिछला मैच हैंडशेक विवाद के कारण सुर्खियों में रहा था। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों टीमों 14 सितंबर को पहली बार एक दूसरे के आमने-सामने थीं। इस मैच से पहले इसका बहिष्कार करने की मांग उठ रही थी और इसे लेकर प्रदर्शन भी हुए थे। हालांकि, भारत ने वो मुकाबला आसानी से अपने नाम किया था, लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई। अब दोनों टीमें एक बार फिर एशिया कप के सुपर चार चरण के मैच में आमने-सामने होंगी तो यह देखना दिलचस्प रहेगा कि भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों का रवैया कैसा रहता है।
रविवार हमेशा सबसे आरामदायक दिन नहीं होता है और पिछले मैच में भारत को सात विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले सूर्यकुमार भी इस बात की पुष्टि करते हैं। भारत और पाकिस्तान की टीमें जब आमने-सामने होती हैं तो उनके खिलाड़ियों के बीच तनाव बना रहता है, लेकिन इस बार यह नए स्तर पर पहुंच गया है। विवाद के बीच जब भारतीय टीम पाकिस्तान का सामना करने उतरेगी तो उसका लक्ष्य अपनी स्पिन तिकड़ी के दम पर अपने इस चिर प्रतिद्वंद्वी के के खिलाफ एक और प्रभावशाली जीत दर्ज करना होगा।
भारत ने ग्रुप चरण में दमदार प्रदर्शन किया और अपने तीनों मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष पर रही। भारत ने ओमान के खिलाफ प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए थे और जसप्रीत बुमराह तथा वरुण चक्रवर्ती को आराम देकर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को मौका दिया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और ओमान के खिलाफ अपने बल्लेबाजी आक्रमण को परखा। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में बल्लेबाजी क्रम में प्रयोग किए और खुद को 11वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रखा, जबकि संजू सैमसन को तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए भेजा। सैमसन ने इस मौके का फायदा उठाते हुए अर्धशतक जड़ा।
ओमान के खिलाफ भारत को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में सबक मिले और इसने दिखाया कि भारतीय टीम को कहां सुधार करने की जरूरत है। भारत ने पहले दो मैच जहां आसानी से अपने नाम किए थे, वहीं ओमान के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए उसे मेहनत करनी पड़ी। पाकिस्तान के खिलाफ यह तय माना जा रहा है कि भारत अपनी पिछली रणनीति ही अपनाएगा। दरअसल, टीम पहले दो मैच में तीन स्पिनर और बुमराह के रूप में एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज के साथ खेलने उतरी थी। यह रणनीति सफल रही थी।
भारत ने ओमान के खिलाफ अर्शदीप और हर्षित को परखा, लेकिन ये दोनों ही गेंदबाज बहुत ज्यादा प्रभावी नहीं रहे। अर्शदीप ने हालांकि, टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे किए और वह ऐसा करने वाले भारत के पहले गेंदबाज बने। दूसरी ओर, हर्षित को भी एक सफलता मिली, लेकिन दुबई की पिच धीमी होती है जहां स्पिनरों को मदद मिलती है। भारत को अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन तिकड़ी से उम्मीदें होंगी। अक्षर ओमान के खिलाफ चोटिल हो गए जिसने भारत की चिंता बढ़ाई, लेकिन फील्डिंग कोच टी दिलीप ने स्पष्ट किया कि अक्षर अच्छी स्थिति में हैं जिससे इस बात की संभावना बढ़ गई है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच का हिस्सा होंगी।
अगर अक्षर फिट नहीं हो पाते हैं तो उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर या रियान पराग को मिल सकती है। ऐसे में हो सकता है कि भारत इस स्पिन तिकड़ी के साथ दोबारा उतरे और तेज गेंदबाज के तौर पर बुमराह और हार्दिक पांड्या जिम्मेदारी संभालें। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में इस स्पिन तिकड़ी ने कुल छह विकेट चटकाए थे, जबकि बुमराह और हार्दिक ने मिलकर तीन विकेट लिए थे। भारत इस मैच की महत्वता को देखते हुए अधिक बदलाव नहीं करेगा और अपने पिछले विजयी संयोजन पर ही आगे बढ़ने की सोचेगा। ऐसे में अर्शदीप और हर्षित को फिर बाहर बैठना पड़ सकता है और उनके जगह बुमराह-वरुण की प्लेइंग-11 में वापसी हो सकती है।
ओमान के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी उम्मीद के अनुरूप नहीं रही। सैमसन के अलावा अन्य बल्लेबाज ज्यादा प्रभावी नहीं दिखे। सबसे ज्यादा चिंता की बात शुभमन गिल का प्रदर्शन नहीं कर पाना है और उन्हें अब जल्द ही अपनी फॉर्म में लौटना होगा। वहीं, अभिषेक शर्मा को भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलना होगा। ओमान के खिलाफ तीसरे नंबर पर सैमसन उतरे थे और अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि भारतीय टीम प्रबंधन पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें किस स्थान पर बल्लेबाजी के लिए भेजता है। इस बात की संभावना अधिक है कि तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार ही उतरेंगे और सैमसन पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में सुपर 4 चरण का मुकाबला कब खेला जाएगा?
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में सुपर 4 चरण का मुकाबला 21 सितंबर यानी रविवार को खेला जाएगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में सुपर 4 चरण का मुकाबला कितने बजे शुरू होगा?
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में सुपर 4 चरण का मुकाबला भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7.30 बजे होगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में सुपर 4 चरण का मुकाबला कहां देख सकेंगे?
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में सुपर 4 चरण के मुकाबले का प्रसारण अधिकार सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव एप पर होगी।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है…
















