BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

हिमाचल प्रदेश में बंपर मतदान: टशीगंग ने फिर रचा इतिहास, माइनस तापमान में भी वोटरों ने किया 100 फीसदी मतदान

हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में 66.37 फीसदी मतदान हुआ. वहीं टशीगंग में सभी 52 वोटरों ने मतदान किया, जिसमें 30 पुरुष और 22 महिला मतदाता शामिल हैं…

शिमला (ए)। हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर आज शनिवार को वोटिंग हो गई, वहीं जिला लाहौल स्पीति में बने टशीगंग बूथ ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है. समुद्र तल से 15 हजार 256 फीट की ऊंचाई पर बने टशीगंग बूथ में विधानसभा चुनाव में 100 फीसदी मतदान हुआ है. इस इलाके का माइनस डिग्री तापमान भी यहां के वोटरों का हौसला नहीं तोड़ सका. यहां सभी 52 वोटरों ने अपने वोट का इस्तेमाल किया. इनमें 30 पुरुष और 22 महिला मतदाता शामिल हैं. टशीगंग की रहने वाली 78 साल की सोनम डोलमा अब तक हर चुनाव में मतदान करती आ रही हैं। इस साल यहां चार नए वोटरों ने भी मताधिकार का प्रयोग किया।

टशीगंग बूथ साल 2019 के लोकसभा चुनाव में अस्तित्व में आया. यहां सबसे पहले इसी चुनाव में मतदान किया गया। इसके बाद साल 2021 में हुए मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में भी वोट डाले गए। इन चुनावों में भी टशीगंग के सभी 48 वोटरों ने वोट कर 100 फीसदी मतदान का इतिहास रचा था।

पारंपरिक परिधानों में नजर आए वोटर और पोलिंग पार्टी: टशीगंग बूथ पर सभी वोटरों ने भी पारंपरिक परिधान पहनकर मतदान किया. यहां वोटिंग कराने पहुंची पोलिंग पार्टी ने भी पारंपरिक परिधान पहने थे. प्रशासन की ओर से भी हर बार की तरह इस बूथ को सजाया गया था. मतदान के दौरान यहां पोलिंग पार्टी और वोटरों को पारंपरिक भोजन भी परोसा गया।

टशीगंग के लोगों ने एक बार फिर देश-प्रदेश के लोगों के सामने उदाहरण स्थापित किया है. हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर आज शनिवार को हुई वोटिंग 66.37 फीसदी रही. इस चुनाव में सबसे अधिक वोटिंग सिरमौर में 72.79 फीसदी हुई. हिमाचल विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे।

Related Posts