BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ली शपथ, मुकेश अग्निहोत्री बने उपमुख्यमंत्री

सुखविंदर सिंह सुक्खू के सीएम पद की शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं…

शिमला (ए)। हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को राज्य के 15वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है. सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा मुकेश अग्निहोत्री ने उपमुख्यमंत्री की शपथ ली. रविवार को शिमला के रिज मैदान पर दोपहर 1:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह हुआ। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, नवनिर्वाचित विधायक, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे. इससे पहले कांग्रेस आलाकमान की तरफ से सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगने के बाद शनिवार शाम शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई. इस बैठक में भी सुखविंदर सिंह सुक्खू को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया।

26 मार्च 1964 को हुआ था सुखविंदर सिंह सुक्खू का जन्म
आपको बता दें कि 58 साल के सुखविंदर सिंह सुक्खू एनएसयूआई से राजनीतिक करियर की शुरुआत करते हुए करीब छह साल तक हिमाचल में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे. सुखविंदर सिंह सुक्खू इस हिमाचल चुनाव में कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष थे और हमीरपुर जिले की नादौन विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं. सुखविंदर सिंह सुक्खू चौथी बार विधायक बने हैं. हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन तहसील के सेरा गांव से ताल्लुक रखने वाले सुखविंदर सिंह सुक्खू का जन्म 26 मार्च 1964 को हुआ था।

ड्राइवर थे सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता: सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता रसील सिंह हिमाचल पथ परिवहन निगम शिमला में ड्राइवर थे. सुखविंदर सिंह की माता संसार देवी गृहिणी हैं. सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में अपनी शुरुआती पढ़ाई से लेकर एलएलबी तक की पढ़ाई की है. अपने चार भाई-बहनों में से सुखविंदर सिंह सुक्खू दूसरे नंबर पर हैं. उनके बड़े भाई राजीव सेना से रिटायर हैं. उनकी दो छोटी बहनों की शादी हो चुकी हैं. सुखविंदर सिंह सुक्खू की शादी 11 जून 1998 को कमलेश ठाकुर से हुई. उनकी दो बेटियां हैं, जो दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर रही हैं।

Related Posts