BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड की खदान में बड़ा हादसा, लिफ्ट की रस्सी टूटने से 14 लोग फंसे

कर्मियों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू हो गया है और चिकित्सा दलों और स्थानीय अस्पताल को सतर्क कर दिया गया है…

नीमकाथाना (ए)। राजस्थान के नीमकाथाना जिले में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की खदान में मंगलवार (14 मई) की रात को उस वक्त बड़ा हादसा हुआ, जब कर्मियों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल की जाने वाली लिफ्ट की रस्सी टूट गई. इस हादसे में सतर्कता टीम और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के कई अधिकारी खदान में फंस गये।

कर्मियों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू हो गया है और चिकित्सा दलों और स्थानीय अस्पताल को सतर्क कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब सतर्कता टीम और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी कोलिहान खदान से ऊपर आने वाले थे. उसी दौरान कर्मियों को खदान से ऊपर लाने के लिये उपयोग में आने वाली लिफ्ट की छत टूटने के कारण लगभग 14 लोग कई सौ मीटर की गहराई में फंस गए।

इस घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से बात की. एक खनन कर्मचारी ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब पिंजरे की रस्सी टूटने से वह नीचे गिर गया. उन्होंने कहा कि बचाव अभियान शुरू हो गया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने हादसे के बाद सरकार से राहत-बचाव की अपील की. उन्होंने एक्स पर लिखा, ”झुंझुनूं के खेतड़ी में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की कोलिहान खदान में लिफ्ट की रस्सी टूटने से हुए हादसे की खबर चिंताजनक है।

इस खदान में कई कर्मचारियों के फंसे होने की भी खबर है. मैं सरकार एवं प्रशासन से आग्रह करता हूं कि बचाव एवं राहत कार्यों को शीघ्रता से किया जाए ताकि खदान में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सकुशल बाहर निकाला जा सके. लिफ्ट में मौजूद सभी लोगों की कुशलता की मैं कामना करता हूं।”

 

Related Posts