BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

हार्ड अटैक से IPS प्रखर पांडेय का निधन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक, अंतिम संस्कार आज

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आईपीएस प्रखर पांडेय के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख व्यक्त करते हुए अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि…छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, आईपीएस  प्रखर पांडेय जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।उनका असमय जाना राज्य और पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति

आपको बता दे कि छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आईपीएस प्रखर पांडेय का रविवार को दोपहर करीब 4:15 बजे निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक, उन्हें भिलाई में अचानक हार्टअटैक आया। जिसके बाद उन्हें तत्काल रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल लाया गया। डॉक्टरों ने इमरजेंसी ट्रीटमेंट दिया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

आईपीएस प्रखर पांडेय वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), सीआईडी विभाग में पदस्थ थे। उन्होंने अपने सेवा जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई। वे इससे पहले कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जिले में पुलिस अधीक्षक रहे। वहीं बिलासपुर और राजनांदगांव में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में भी उन्होंने सेवाएं दीं। उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता के कारण वे हमेशा चर्चित रहे।

उनके आकस्मिक निधन से पूरा पुलिस महकमा और प्रशासन स्तब्ध है। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जताई है। उनका अंतिम संस्कार आज भिलाई स्थित रामनगर मुक्ति धाम में किया जाएगा।

Related Posts