पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने एक नेक पहल की है. उन्होंने अपनी राज्यसभा सैलरी किसान की बेटियों की शिक्षा के लिए दान करने की घोषणा की है. हरभजन सिंह उन पांच उम्मीदवारों में शामिल हैं जिन्हें पंजाब की नवनिर्वाचित आम आदमी पार्टी सरकार ने राज्यसभा भेजा है….
नईदिल्ली (ए)। भारत के पूर्व दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह, जो अब राज्यसभा सदस्य भी हैं, ने शनिवार को घोषणा की कि वह किसानों की बेटियों की शिक्षा और कल्याण के लिए अपने राज्यसभा सांसद के तौर पर मिलने वाला वेतन दान करेंगे. हरभजन सिंह उन पांच उम्मीदवारों में शामिल हैं जिन्हें पंजाब की नवनिर्वाचित आम आदमी पार्टी सरकार ने राज्यसभा भेजा है।
पंजाब के जालंधर के रहने वाले टर्बनेटर ने ट्विटर पर लिखा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में, मैं किसानों की बेटियों की शिक्षा और कल्याण के लिए अपना राज्यसभा वेतन देना चाहता हूं. मैं अपने राष्ट्र की बेहतरी में योगदान करने के लिए शामिल हुआ हूं और मैं वह सब कुछ करूंगा जो मैं कर सकता हूं. जय हिन्द. हरभजन सिंह की इस पहल की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।
उच्च सदन के सदस्य के रूप में निर्विरोध चुने गये भज्जी ने कहा था कि वह खेलों को बढ़ावा देंगे क्योंकि उन्हें एक जिम्मेदारी सौंपी गयी है, जिसे वह ईमानदारी से निभायेंगे. 41 वर्षीय क्रिकेटर ने दिसंबर 2021 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की थी. उन्होंने 103 टेस्ट, 236 एकदिवसीय और 28 टी-20 आई में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
हरभजन सिंह ने अपने टेस्ट करियर में 417, वनडे में 269 और टी-20 इंटरनेशनल में 25 विकेट चटकाए हैं. 1998 से 2016 तक चले एक अंतरराष्ट्रीय करियर में, ऑफ स्पिनर के पास कुछ यादगार पल थे और वह 2007 टी-20 विश्व कप और 2011 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे. काफी दिनों से टीम इंडिया से बाहर रहने के बाद उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।















