BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

हमारे जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजापुर जिले में नक्सली मुठभेड़ की घटना में सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट एस.बी. तिर्की की शहादत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। श्री बघेल ने घटना में शहीद श्री तिर्की के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है। उन्होंने इस घटना में घायल जवान को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हमारे जवान नक्सलियों की मांद में घुस कर वीरता और साहस के साथ उनसे मुकाबला कर रहे हैं। हमारे जवानों ने नक्सलियों को एक सीमित दायरे में समेट दिया है। हमारे जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।

मुख्यमंत्री ने भारत कोकिला स्वर्गीय सरोजिनी नायडू को उनकी जयंती पर किया नमन- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारत कोकिला, सुप्रसिद्ध कवयित्री, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और भारत की पहली महिला राज्यपाल स्वर्गीय सरोजिनी नायडू की 13 फरवरी को जयंती के अवसर पर उन्हें नमन किया है। श्रीमती नायडू की उपलब्धियों और देश के लिए उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए श्री बघेल ने कहा है कि सरोजिनी नायडू ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई।

उन्होंने कई राष्ट्रीय आंदोलनों के नेतृत्व के साथ छोटे-छोटे शहरों में महिलाओं को जागरूक करने का भी काम किया। उनके सम्मान और स्मृति मेें हर साल उनकी जयंती पर राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। श्रीमती नायडू विश्व भर में भारत कोकिला के नाम से जानी जाती है। श्री बघेल ने कहा कि श्रीमती नायडू के विचार और मूल्य हमें हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध उद्योगपति राहुल बजाज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया-  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देश के प्रसिद्ध उद्योगपति, पूर्व राज्यसभा सांसद और पद्मभूषण से सम्मानित राहुल बजाज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। श्री बघेल ने आज यहां जारी अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री राहुल बजाज और उनके समूह ने देश के औद्योगिकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री बजाज ने राज्यसभा के सदस्य के रूप में देश की सेवा की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि उनका निधन उद्योग जगत सहित पूरे देश के लिए अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Related Posts