BREAKING

दुर्ग-भिलाई

हंसराज रघुवंशी के लाइव कॉन्सर्ट पर देर रात तक झूमे भिलाइवासी, शामिल हुए पूर्व सीएम और नेताप्रतिपक्ष…

भिलाई। शुक्रवार 14 फरवरी को बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति द्वारा आयोजित हंसराज रघुवंशी के लाइव कन्सर्ट ने भिलाई के लोगों को बाबा भोलेनाथ के भक्ति गीतों पर देर रात तक खूब झूमे। मेरा भोला है भंडारी की धुन पर पूरे भिलाई के लोग झूमते नजर आए । वहीं अपने निराले अंदाज में हंसराज ने बाबा के गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दिए। पावर हाउस शासकीय आईटीआई ग्राउंड में आयोजित बाबा हंसराज रघुवंशी का लाइव कंसर्ट में शहर के हजारों लोग शामिल हुए। इस बार कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, भिलाई चरोदा निगम मेयर चंद्रकांता मांडले व पूर्व मंत्री रमशीला साहू, शिक्षाविद आईपी मिश्रा, एचटीसी के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह, कॉमर्स गुरु संतोष रॉय, पवन पाण्डेय आदि विशेष रूप से उपस्थित हुए। शाम 7 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात तक चला। यह दूसरा मौका था जब मशहूर सिंगर हंसराज रघुवंशी का भिलाई में शो हुआ। इससे पहले 5 अगस्त 2019 को एसएनजी स्कूल परिसर में हसंराज का कार्यक्रम हो चुका है। पहली बार भिलाई पहुंचे हंसराज के लिए भिलाई के लोगों की दीवानगी देखते ही बनती थी। उस दौरान हसंराज रघुवंशी उर्फ बाबाजी को सुनने समूचा भिलाई शहर उमड़ पड़ा। भव्य एलईडी स्क्रीन पर लोगों ने हंसराज का लाइव फरफारमेंस देखा। भिलाई शहर के लोगों की मांग पर बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति द्वारा दोबारा हंसराज का लाइव शो आयोजित किया। इस बार यह शो आईटीआइ ग्राउंड खुर्सीपार में हुआ तो लोगों की भीड़ पहले से भी ज्यादा रही। अपने चहेते सिंगर को देखने पूरा शहर उमड़ पड़ा। आईटीआई ग्राउंड में हंसराज रघुवंशी के शो में उनके भजनों और गीतों पर देर रात तक लोग झूमते रहे। मेरा भोला है भंडारी करे नंदी की सवारी भजन से विख्यात हुए गायक हंसराज रघुवंशी की लाइव परफार्मेंस ने सभी को आकर्षित किया। लाइव कन्सर्ट के दौरान हंशराज रघुवंशी ने ‘मेरा भोला है भंडारी करता नंदी की सवारी’ जैसे ही गाया लोग शिव की भक्ति में लीन हो गए। गजब की आवाज व बाबा भोलेनाथ की भक्ति का जीता जागता अक्स देख लोग उत्साहित होकर शोर करने लगे।

कार्यक्रम के दौरान हंसराज ने मेरा भोला हैं भंडारी के अलावा ‘चिट्टा तेरा चोला काला डोरो ओ शभुंआ आ हाथ सोठी हो’, ‘गंगा किनारे चले जाना’, ‘जोगी बेखिए रूप कमाल वे तु गुदड़ी दे विच लाल’, ‘भवन बड़ा वे ऊंची धार माईए सोहणा नजारा तेरा मंदिरा दा’, ‘बम-बम भोले डम डमा डम डोले’, ‘चलो कसोल’, ‘शिमले रिए शोरिए’, ‘साईं तरी चौखट पे बन जाए बिगड़े काम’ आदि गीतों को प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने इन गीतों को दर्शकों के सामने कुछ ऐसे तरीके से पेश किया कि एक पल के लिए भी लोग अपनी जगह नहीं छोड़ सके। कार्यक्रम के आयोजक व बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष दया सिंह ने बताया कि 21 फरवरी को निकलने वाली बाबा की बारात के पहले यह संगीत संध्या जैसा है। विवाह कार्यक्रम में पहले संगीत संध्या का अहम स्थान होता है इसी को देखते हुए हंसराज रघुवंशी की कार्यक्रम का आयोजन कराया गया। दया सिंह ने बताया कि शहर के बहुत सारे लोगों ने कहा कि हंसराज का कार्यक्रम दोबारा होना चाहिए। लोगो की इसी मांग को देखते हुए हंसराज रघुवंशी का कार्यक्रम कराया गया। जैसी हमें उम्मीद थी वैसी ही भीड़ यहां देखने को मिली।

दया सिंह ने मंच से लोगों को आगामी 21 फरवरी को होने वाली बाबा की बारात का भी निमंत्रण दिया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर उपस्थित पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने दया सिंह के उक्त आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर बाबा की बारात का भव्य आयोजन कर बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति एक धार्मिक सद्भावना का परिचय दे रही है।

Related Posts