रायपुर। स्वास्थ्य विभाग के हड़ताल पर गए अधिकारियों-कर्मचारियों को हड़ताल अवधि का वेतन मिलेगा। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा मंत्रालय महानदी भवन अटल नगर रायपुर से इस आशय का आदेश जारी कर संचालक स्वास्थ्य सेवाएं को निर्देशित किया है कि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हड़ताल अवधि 4 जुलाई 2023 से 9 जुलाई 2023 तक की अनुपस्थित अवधि का निराकरण अर्जित अवकाश स्वीकृत करते हुए किया जाए।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के आव्हान पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधीनस्थ कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी 4 जुलाई 2023 से 9 जुलाई 2023 तक हड़ताल पर गए थे।
महतारी वंदन योजना : आवेदन की करने की अंतिम तिथि आज- छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना के तहत् आवेदन करने की अंतिम तिथि आज 20 फरवरी 2024 निर्धारित की गई है। योजना का लाभ लेने के लिए हितग्राही निर्धारित केन्द्रों में अपना आवेदन 20 फरवरी की शाम 6 बजे तक जमा कर सकते हैं।
साथ ही पब्लिक पोर्टल से हितग्राही 20 फरवरी की शाम 6 बजे तक ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को शाम 6 बजे तक ही ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। शाम 6 बजे के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्धारित पब्लिक पोर्टल भी शाम 6 बजे के बाद बंद हो जाएगा।
राज्य में 110 लाख 54 हजार मीट्रिक टन धान का उठाव: राज्य सरकार द्वारा अब तक किसानों से 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की समर्थन मूल्य पर रिकार्ड खरीदी की जा चुकी है। कस्टम मिलिंग के लिए निरंतर धान का उठाव जारी है। मार्कफेड के महाप्रबंधक से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 121 लाख 66 हजार 764 मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध मिलर्स द्वारा 110 लाख 54 हजार 754 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है।
62 लाख 69 हजार राशन कार्डधारियों ने किया नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी 77 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण का कार्य 25 जनवरी से जारी है। 19 फरवरी की स्थिति में 62 लाख 69 हजार 41 राशन कार्डधारियों ने नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग द्वारा दी गई, ऑनलाइन सुविधा का लोग भरपूर लाभ उठा रहे हैं और स्वयं अपने मोबाइल से खाद्य विभाग के एप के जरिये राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं।
गौरतलब है कि राशनकार्ड नवीनीकरण का कार्य 25 फरवरी 2024 तक किया जा रहा है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग के द्वारा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोेक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाईल एप्प तैयार किया गया है, इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही द्वारा खाद्य विभाग की वेबसाइट http://khadya.cg.nic.in से डाउनलोड किया जा सकता है।
















