भिलाई। दुर्ग जिले में कोरोना वारियर्स के रूप में काम कर रहे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों के लिए कोविड -19 हॉस्पिटल और केयर सेंटर में बेड आरक्षित किया गया है. छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की मांग पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग ने इस आशय का आदेश जारी किया है.
दुर्ग जिले में स्वास्थ्य विभाग के कोरोना संक्रमित अधिकारी और कर्मचारियों के लिए श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज कोविड -19 हॉस्पिटल में 5 आक्सीजन व एक वेंटिलेटर बेड आरक्षित किया गया है. इसी तरह जिला चिकित्सालय कोविड -19 हॉस्पिटल दुर्ग में 5, चंदूलाल चन्द्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज कचांदुर कोविड – 19 केयर सेंटर में 20 तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र झीठ कोविड -19 केयर सेंटर में 5 आक्सीजन वाले बेड स्वास्थ्य विभाग के कोरोना संक्रमित अधिकारी व कर्मचारियों के लिए आरक्षित किया गया है.
गौरतलब रहे कि दुर्ग जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद काफी अधिक होने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को जरूरत के समय उपचार के लिए कोविड हॉस्पिटल व केयर सेंटर में बेड नहीं मिल पा रहा था. इस वजह से कुछ अधिकारी – कर्मचारियों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है. छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के महामंत्री सैय्यद असलम के नेतृत्व में जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के लिए बेड आरक्षित किए जाने की मांग रखी गई थी।














