गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी का तीसरे कार्यकाल का पहला संबोधन है। इस भाषण में पीएम मोदी सरकार की अब तक की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश कर सकते हैं। अपने भाषण को रोजगार के मुद्दे पर केंद्रित कर सकते हैं…
नईदिल्ली (ए)। देश में 15 अगस्त को 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाने की तैयारियां पूरी हो गईं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 11वीं बार लाल किले से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद पीएम देशवासियों को संबोधित करेंगे। अपने इस भाषण में पीएम देश के लिए कुछ बड़े एलान भी कर सकते हैं, क्योंकि लाल किला से अपने पहले दस संबोधन में भी वे ऐसे ही कुछ खास एलान कर चुके हैं। अपने पहले संबोधन में पीएम मोदी देश की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विभिन्न मुद्दों पर बड़े एलान कर चुके हैं। अनुमान है कि पीएम इस बार अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन के दौरान देश के युवाओं और आधी आबादी यानी महिलाओं को लेकर कुछ बड़े एलान कर सकते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी का तीसरे कार्यकाल का पहला संबोधन है। इस भाषण में पीएम मोदी सरकार की अब तक की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश कर सकते हैं। पीएम लालकिला से अपने भाषण को रोजगार के मुद्दे पर केंद्रित कर सकते हैं। इसके अलावा पीएम सामाजिक आर्थिक क्षेत्र की उपलब्धियां पेश कर सकते हैं। पीएम मोदी 15 अगस्त के इस भाषण में मोदी सरकार 3.0 का रोडमैप जारी करेंगे। साथ ही विकसित भारत को लेकर भी सरकार की रूपरेखा बता सकते हैं। वे अपने भाषण से सीमा सुरक्षा और आतंकवाद जैसे मुद्दे पर कड़ा संदेश भी दे सकते हैं।
पीएम मोदी के खास मेहमान रहेंगे मौजूद
वहीं, स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी के खास मेहमान लाल किला पर मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी की बताई चार जातियों के नुमाइंदे भी मौजूद होंगे। पीएम मोदी की बताई चार जातियों गरीब, युवा, किसान और महिला वर्ग के नुमाइंदों को खास तौर पर समारोह में बुलाया गया है। इन चार वर्गों के करीब चार हजार मेहमानों को निमंत्रण भेजा गया है। कृषि और किसान कल्याण, युवा मामले, महिला और बाल विकास मंत्रालयों को ये जिम्मेदारी दी गई है।
















