कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पहली बार संसद के ऊपरी सदन के लिए चुनी गईं। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में राजस्थान से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। आज नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था…
नईदिल्ली (ए)। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी राज्यसभा के लिए राजस्थान से निर्विरोध चुनी गईं। वहीं, भाजपा के चुन्नीलाल गरासिया और मदन राठौड़ को भी राज्यसभा के लिए चुना गया है। मंगलवार को नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था। राजस्थान विधानसभा के सचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि किसी अन्य उम्मीदवार ने चुनाव नहीं लड़ा, इसलिए तीनों निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुने गए।
उधर, महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए अशोक चव्हाण सहित छह उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना गया है। इन छह उम्मीदवारों में भाजपा ने चव्हाण सहित तीन नेताओं को मैदान में उतारा था। जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने एक-एक उम्मीदवार उतारा था। भाजपा के उम्मीदवारों में अशोक चव्हाण, पूर्व विधायक मेधा कुलकर्णी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता अजीत गोपछड़े शामिल हैं।














