BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

सेमीफाइनल का दावा मजबूत करना चाहेगा भारत, आज बांग्लादेश से मुकाबला

दोनों टीमों के बीच ये मैच एंटीगा में सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा, मैच रात 8 बजे से शुरू होगा, अब इस मैच में भी बारिश का खलल देखने को मिल सकता है। वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, इस मैच के दौरान एंटीगा में 40 प्रतिशत तक बारिश के आसार हैं और मैदान में बादल छाए रह सकते हैं…

नईदिल्ली (ए)। सुपर आठ चरण की विजयी शुरुआत करने वाली भारतीय टीम के सामने शनिवार को बांग्लादेश की चुनौती होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला एंटीगुआ में खेला जाएगा। भारत का इस टूर्नामेंट में अब तक प्रदर्शन शानदार रहा है और उसने फिलहाल अपने सभी मुकाबले जीते हैं। बांग्लादेश के खिलाफ भी टीम जीत दर्ज कर सेमीफाइनल के लिए अपना दावा मजबूत करना चाहेगी। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच खेला था और जीत दर्ज की थी।

भारत ने टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ की थी जहां टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया था और फिर सह मेजबान अमेरिका को मात देकर सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई किया था। भारत का कनाडा के खिलाफ ग्रुप चरण का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था और टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ 47 रनों से जीत दर्ज की।

बांग्लादेश को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सुपर आठ के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था और टीम अगर भारत के खिलाफ प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर सकी तो उसके लिए आगे के दरवाजे बंद हो जाएंगे। बांग्लादेश ने ग्रुप चरण में श्रीलंका, नेपाल और नीदरलैंड्स को हराकर सुपर आठ के लिए क्वालिफाई किया था। उसे ग्रुप चरण में सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के हाथों चार रन से हार का सामना करना पड़ा था। अतीत में भारत और बांग्लादेश के बीच टी20 में काफी करीबी मुकाबले देखने को मिले हैं, ऐसे में प्रशंसकों को एक बार फिर रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

शिवम दुबे को बीच के और डेथ ओवरों में छक्के लगाने के लिए टीम में रखा गया था लेकिन अभी तक वह अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे हैं। आईपीएल में जिस फॉर्म के कारण उन्हें भारतीय टीम में जगह दी गई थी, वह अभी तक नजर नहीं आया है।

बांग्लादेश के बल्लेबाजों के सामने चुनौती जसप्रीत बुमराह का सामना करने की है जो अब तक बेहतरीन फॉर्म में हैं और उनका इकोनॉमी रेट 3.46 रही है। बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद कहा था, शीर्षक्रम का रन बनाना जरूरी है। उम्मीद है कि गेंदबाज भी फॉर्म में लौटेंगे। हमारा लक्ष्य भारत के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का है।

भारतः विराट कोहली, रोहित शर्मा (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव।

बांग्लादेशः तंजिद हसन, नजमुल हुसैन शंटो (कप्तान), तौहीद ह्रदोय, जाकिर अली, शाकिब अल हसन, महमूदुल्लाह, लिटन दास (विकेटकीपर), तंजिम हसन साकिब, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, मुस्ताफिजुर रहमान।

Related Posts