BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

सेना के साहस को सलाम करने आदमपुर एयरबेस पहुंचे पीएम मोदी, पाकिस्तान के झूठ का किया पर्दाफाश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आदमपुर यात्रा भारत और पाकिस्तान के बीच कई दिनों तक चले भीषण संघर्ष के बाद हुई। 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए पड़ोसी देश में आतंकी ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच जमकर सैन्य संघर्ष हुआ। भारत और पाकिस्तान ने 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई। हालांकि, भारत ने यह स्पष्ट कर दिया कि उसने केवल सैन्य कार्रवाई को स्थगित किया है, उसकी भविष्य की कार्रवाई पाकिस्तान के बर्ताव पर निर्भर करेगी…

 

 

नईदिल्ली (ए)। ऑपरेशन सिंदूर’ से पाकिस्तान और उसकी पनाह में पल रहे आतंकियों को सबक सिखाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पंजाब में आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने सेना के जवानों से मुलाकात की। जालंधर स्थित यह वही एयरबेस है, जिसे नुकसान पहुंचाने का फर्जी दावा पाकिस्तान ने किया था। हालांकि, विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 11 मई की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही इस दावे का खंडन कर दिया था। अब पीएम मोदी ने यहां पहुंचकर दुनिया के सामने पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा को बेनकाब कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह-सुबह प्रधानमंत्री मोदी आदमपुर एयरबेस पहुंचे। उन्होंने वायु सेना के बहादुर जवानों से बातचीत भी की। इस दौरान वायुसेना के जवानों ने मौजूदा हालात के बारे में जानकारी दी। दौरे की कई तस्वीरें सामने आई हैं। इसमें एक तस्वीर में पीएम मोदी के पीछे भारतीय लड़ाकू विमान की तस्वीर दिखाई दे रही है और उसके ऊपर लिखा है- क्यों दुश्मनों के पायलट ठीक से सो नहीं पाते?

प्रधानमंत्री मोदी वायु सेना के विमान से जालंधर स्थित एयरबेस पहुंचे। पीएम मोदी और सशस्त्र बलों के जवानों ने ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। सभी का जोश इस बात की ओर इशारा कर रहा था कि ऑपरेशन सिंदूर 100 फीसदी सफल रहा और हमारी सेना ने पाकिस्तान को सबक सिखा दिया है। इस दौरे से एक बात और साफ हो गई कि अगर प्रधानमंत्री मोदी का विमान इस एयरबेस पर उतर सकता है तो इसे खरोंच तक नहीं आई है। इस दौरे ने पाकिस्तान के नापाक चेहरे और झूठ की दुकान को दुनिया के सामने ला दिया है।

आदमपुर पहुंचकर पीएम मोदी के पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा को भी तहस नहस कर दिया है। दरअसल, पाकिस्तान ने फर्जी दावा किया था कि उसने भारत के सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाया। इसे लेकर विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा था कि सिरसा और आदमपुर एयरबेस को नुकसान पहुंचाने के पाकिस्तानी दावे पूरी तरह से गलत हैं। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इन एयरबेस की तस्वीरें भी दिखाई गईं थीं, जिनमें दिखाया गया कि वहां सबकुछ सामान्य है। ऐसे में पीएम मोदी के आदमपुर दौरे ने पाकिस्तान के झूठ की पोल पूरी दुनिया के सामने खोल दी है।

पीएम मोदी ने एयरबेस पहुंचकर यह दिखा दिया कि यह पूरी तरह से ऑपरेशनल है। आदमपुर एयरबेस भारत के लड़ाकू विमान मिग 29 का बेस है। एयरबेस पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ एयर चीफ मार्शल एपी सिंह भी थे। आदमपुर एयरबेस पाकिस्तान की सीमा के करीब स्थित है। इससे दुश्मन पर तेजी से प्रहार करने में मदद मिलती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने दौरे से जुड़ी कुछ तस्वीरें पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर साझा की। उन्होंने लिखा, ‘आज सुबह मैं वायुसेना स्टेशन आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही विशेष अनुभव था। भारत हमारे सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी है, जो हमारे देश के लिए वे सब कुछ करते हैं।’

 

इससे पहले पीएम मोदी ने सोमवार को देश को संबोधित किया था। पाकिस्तानी आतंकियों के खिलाफ चलाए गए भारत के ऑपरेशन सिंदूर के लिए उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों को जमकर सराहा था। उन्होंने कहा था कि बीते दिनों में हमने देश का सामर्थ्य और उसका संयम दोनों देखा है। मैं सबसे पहले भारत की पराक्रमी सेनाओं, सशस्त्र बलों, हमारी खुफिया एजेंसियों, हमारे वैज्ञानिकों को हर भारतवासी की तरह से सलाम करता हूं। हमारे वीर सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए असीम शौर्य का प्रदर्शन किया। मैं हमारे देश की हर माता को, देश की हर बहन को और देश की हर बेटी को यह वीरता, साहस और पराक्रम समर्पित करता हूं।

Related Posts