“सूर्यवंशी” का जलवा कायम: वीकेंड पर बढ़ा कलेक्शन, 100 करोड़ से ज्यादा की कर ली कमाई, जल्द ही 150 करोड़ के क्लब में शामिल होने की उम्मीद
मुम्बई (ए)। अक्षय कुमार और कटरीना कैफ की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ ने दूसरे हफ्ते भी सिनेमाघरों में पकड़ बनाए रखी है। फिल्म की जो रफ्तार है उसे देखते हुए माना जा रहा है कि जल्दी ही 150 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी। वीकडेज में कलेक्शन में थोड़ी गिरावट हुई थी हालांकि वीकेंड में फिल्म को फायदा मिलता दिख रहा है। शनिवार को इसके कलेक्शन का आंकड़ा दो अंकों में यानी डबल डिजिट पहुंच गया।
अब तक का कलेक्शन
‘सूर्यवंशी’ ने शुक्रवार तक 127.49 करोड़ कमा लिए थे। बॉक्स ऑफिस इंडिया वेबसाइट के मुताबिक शनिवार को फिल्म ने 10 से 10.50 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। इस तरह नौ दिन में फिल्म ने करीब 138 करोड़ जुटा लिए हैं। रविवार को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बड़े शहरों में रिस्पॉन्स बेहतर
फिल्म दिवाली के मौके पर रिलीज हुई। इसका सबसे ज्यादा कलेक्शन दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और गुजरात में हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के सिनेमाघरों में प्रदर्शन कम रहा है। पंजाब में भी फिल्म का कलेक्शन उतना अच्छा नहीं रहा। पंजाब के कुछ सिनेमाघरों में किसानों के प्रदर्शन की वजह से फिल्म का विरोध किया गया लेकिन वहां दूसरी फिल्मों की कमाई भी उतनी अच्छी नहीं रही।
फिल्म के कलाकार
‘सूर्यवंशी’ में अक्षय कुमार, कटरीना कैफ, जावेद जाफरी, गुलशन ग्रोवर, अभिमन्यु सिंह, जैकी श्रॉफ, सिकंदर खेर और कुमुद मिश्रा सहित अन्य कलाकार हैं। फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया है। ‘सूर्यवंशी’ को रिलायंस एंटरटेनमेंट, रोहित शेट्टी पिक्चर्स, धर्मा प्रोडक्शंस और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।















