सरकार के शोध संस्थान नीति आयोग में आने से पहले वह प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद, सांख्यिकी आयोग और भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति पर तकनीकी सलाहकार समिति के सदस्य भी रह चुके हैं….
नईदिल्ली (ए)। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री सुमन बेरी ने रविवार को नीति आयोग के उपाध्यक्ष का पदभार संभाल लिया. एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी है. बेरी इससे पहले नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लायड इकोनॉमिक रिसर्च (एनसीएईआर) के महानिदेशक (मुख्य कार्यकारी) और रॉयल डच शेल के वैश्विक मुख्य अर्थशास्त्री रह चुके हैं।
सरकार के शोध संस्थान नीति आयोग में आने से पहले वह प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद, सांख्यिकी आयोग और भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति पर तकनीकी सलाहकार समिति के सदस्य भी रह चुके हैं।
बयान में कहा गया है, ‘नीति आयोग एक मई, 2022 से सुमन बेरी का उपाध्यक्ष के रूप में स्वागत करता है.’ बेरी ने नीति आयोग में राजीव कुमार का स्थान लिया है. वह एक अनुभवी नीति अर्थशास्त्री और शोध प्रशासक हैं. राजीव कुमार ने अगस्त, 2017 में नीति आयोग के उपाध्यक्ष का पद संभाला था. उन्होंने अरविंद पनगढ़िया का स्थान लिया था।
बेरी ने बयान में कहा, ‘राजीव कुमार ने मेरे लिए एक ऐसा संगठन छोड़ा है, जिसमें काफी युवा शामिल हैं. उनका सरकार के अंदर और बाहर के हितधारकों से मजबूत संबंध है.’ बेरी ने कहा, ‘वैश्विक अनिश्चितता के दौर में मुझ पर जो भरोसा जताया गया है, उसको लेकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’
इससे पहले, 29 अप्रैल को नीति आयोग के वाइस चेयरमैन राजीव कुमार ने ट्वीट किया था, ‘जब मैं नीति आयोग के उपाध्यक्ष का कार्यभार मिस्टर सुमन बेरी को सौंपने जा रहा हूं, मैं माननीय प्रधानमंत्री का धन्यवाद करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे देश की सेवा करने का मौका दिया. देश की सेवा करने का इससे बेहतर अवसर नहीं हो सकता था।’















