BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

सुपर- 8 में भारत का आज अफगानिस्तान से मुकाबला: कोच राहुल द्रविड़ ने दिए टीम में बदलाव के संकेत, मैच पर बारिश का साया

वेस्टइंडीज में खेले जाने वाले सुपर 8 के सभी मैचों पर बारिश का साया है. बारिश की वजह से विश्व कप के कई ग्रुप मैच धुल गए. टीम इंडिया को भी यह डर सता रहा है कि कहीं मौसम की मार इस मैच पर ना पड़ जाए…

नईदिल्ली (ए)। टी20 विश्व कप 2024 में भारतीय टीम अपने सुपर-8 अभियान की शुरुआत आज अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से करेगी। भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने मैच से पहले बुधवार को संकेत दिया कि अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव या युजवेंद्र चहल में से किसी एक को शामिल किया जा सकता है। द्रविड़ का मानना है कि वहां की परिस्थितियां धीमी गति के गेंदबाजों के लिए अनुकूल लग रही हैं।

भारत और अफगानिस्तान का सुपर-8 का मुकाबला 20 जून को बारबाडोस के ब्रिजटाउन के केंसिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे से खेला जाएगा. वहीं टॉस शाम 7:30 बजे होगा. दोनों टीमों के बीच सुपर 8 का रोमांचक मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क चैनल पर देख सकते हैं. इसके अलावा ये मुकाबला हॉटस्टार पर भी देख सकते हैं।

बारबाडोस के ब्रिजटाउन के केंसिंग्टन ओवल स्टेडियम के मैदान पर गेंदबाज और बल्लेबाज के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलती है. इस मैदान की पिच मिट्टी, बारीक रेज और बजरी के बनी हुई है, जिसके चलते गेंदबाजों को उछाल मिलता है और वो स्विंग कर पाते हैं. इसके अलावा ये पिच स्पिनरों के लिए भी मददगार साबित होता है. वहीं पहली पारी में बल्लेबाजी करने वाले टीम को इस पिच पर फायदा मिलता है. ऐसे में टीम पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला करेगी।

केनिंग्सटन ओवल  के पिच अब तक कुल 47 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 30 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 17 मैचों जीत रन का पीछा करने वाली टीम को मिली है. यहां पहली इनिंग का औसत स्कोर 138 रन रहा है. बता दें कि बारबाडोस के मैदान पर आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच ग्रुप राउंड के दौरान खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 201 रन बनाए थे।

भारत ने न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी स्टेडियम में अपने तेज गेंदबाजों पर भरोसा किया था क्योंकि वहां की ‘ड्रॉप-इन’ पिचों में असमान उछाल था जिससे तेज गेंदबाजों को मदद मिली। द्रविड़ ने सुपर आठ मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘किसी को भी बाहर रखना मुश्किल है। न्यूयॉर्क में तेज गेंदबाजों के लिए परिस्थितियां थोड़ी अलग थीं। हमें यहां (बारबाडोस में) कुछ अलग करने की जरूरत हो सकती है। युजी (युजवेंद्र चहल) या कुलदीप (यादव) का इस्तेमाल यहां किया जा सकता है।’

उन्होंने कहा, ‘हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास हरफनमौला खिलाड़ी हैं। हमारे पास आठ बल्लेबाज थे, लेकिन हमारे पास सात गेंदबाजी विकल्प भी थे।’ द्रविड़ ने यह भी कहा कि भारत अपने बल्लेबाजी क्रम को लेकर लचीला रहेगा और परिस्थितियों के अनुसार इसमें बदलाव करेगा।

उन्होंने कहा, ‘हर स्थिति अलग होती है। इसे पत्थर की लकीर नहीं बनाया जा सकता। मैं लचीलेपन में विश्वास करता हूं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हमने अक्षर (पटेल) को ऊपर भेजा। ऋषभ (पंत) को ऊपर (तीसरे नंबर पर) उतारा, इसमें काफी सोच-विचार किया गया। मुझे नहीं लगता कि टेस्ट (क्रिकेट) में हमारे पास यह लचीलापन होगा। टी20 में आप बल्लेबाजी में ज्यादा लचीलापन देखते हो।

द्रविड़ ने कहा कि सुपर आठ चरण के लिए वेस्टइंडीज आकर अच्छा महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘कैरेबियाई सरजमीं पर आकर क्रिकेट खेलना अच्छा है। कुछ अभ्यास सत्र किये। हम तैयार हैं। अफगानिस्तान एक बहुत ही खतरनाक टीम है। उनके खिलाड़ी हमारे खिलाड़ियों की तुलना में लीग में अधिक खेलते हैं। वे ऐसी टीम नहीं हैं जिसे हल्के में लिया जा सके। वे सुपर आठ के हकदार हैं।’

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, यशस्वी जायसवाल,संजू सैमसन, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज

अफगानिस्तान: राशिद खान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, नजीबुल्लाह जद्रन, इब्राहिम जद्रन, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, नवीन-उल-हक, फजलहक फारूकी, फरीद अहमद मलिक, गुलबदीन नैब, मोहम्मद इशाक, करीम जनत, नांगेयालिया खरोटे.

Related Posts