BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम, ऑस्ट्रेलिया से आज सीरीज का तीसरा मुकाबला

भारत ने विशाखापट्टनम में 23 नवंबर को खेले गए पहले मुकाबले में दो विकेट से जीत हासिल की थी। उसके तीन दिन बाद तिरुवनंतपुरम में दूसरे मुकाबले में 44 रन से जीत मिली थी, सीरीज का तीसरा मैच आज खेला जाएगा…

गुवाहाटी (ए)। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुवाहाटी में मंगलवार 28 नवंबर को टी20 सीरीज जीतने उतरेगी। उसके पास पांच टी20 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त है। टीम इंडिया अगर इस मैच को जीत लेती है तो वह सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर लेगी। भारत ने विशाखापट्टनम में 23 नवंबर को खेले गए पहले मुकाबले में दो विकेट से जीत हासिल की थी। उसके तीन दिन बाद तिरुवनंतपुरम में दूसरे मुकाबले में 44 रन से जीत मिली थी।

भारत की नजर गुवाहाटी में ऑस्ट्रेलिया से बदला लेने पर भी होगी। छह साल बाद 2017 में जब दोनों टीमें टी20 मैच में यहां आमने-सामने हुई थीं तब ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की थी। भारत उस हार का हिसाब चुकता करने उतरेगा।

मौसम साफ रहने का अनुमान
एक्यूवेदर के मुताबिक, 28 नवंबर को गुवाहाटी में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। आसमान में बादलों के छाए रहने की संभवना भी नहीं है। भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे खेल शुरू होगा। उस समय अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि खेल खत्म होने पर भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे के आसपास तापमान गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा। ऐसे में दर्शकों एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

गुवाहाटी के पिच से बल्लेबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में इस मुकाबले में भी रनों की बारिश देखने को मिल सकती है। इस मैदान पर जमकर चौके-छक्के लगते हैं। यहां भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पिछले टी20 में 400 से ज्यादा रन बने थे। प्रशंसकों को एक और धमाकेदार मुकाबला देखने को मिल सकता है।

भारतीय टीम इस मैदान पर अब तक तीन टी20 मैच में उतरी है। 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया छह साल बाद उसका बदला लेना चाहेगी। वहीं, 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने 16 रन से जीत हासिल की थी। 2020 में श्रीलंका से एक मैच होना था, लेकिन टॉस के बाद बारिश के कारण मुकाबला नहीं हो पाया था।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम सात बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 6:30 बजे होगा।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
भारत: 
यशस्वी जयसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान, जितेश शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे।

ऑस्ट्रेलिया: स्टीव स्मिथ, मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंगलिश, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, टिम डेविड, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर/कप्तान), सीन एबॉट, नाथन एलिस, एडम जम्पा, तनवीर संघा, केन रिचर्डसन, जेसन बेहरेनडॉर्फ, ट्रेविस हेड, एरॉन हार्डी।

Related Posts